इंदौर: रामनवमी के दिन शहर में सुपर कॉरिडोर से मालवीय नगर चौराहे तक मेट्रो शुरू होने के संभावना बढ़ गई है. आज विभागीय मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने उक्त मामले में कहा कि रामनवमी पर दूसरे चरण पर मेट्रो संचालन संभव है और मुख्यमंत्री से फाइनल होना है.आज नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने आईडीए सभागृह में मेट्रो रेल, नगर निगम और प्राधिकरण के अधिकारियों की बैठक ली. वैसे तो बैठक का मुख्य मुद्दा बड़ा गणपति पर बनने वाले ओवर ब्रिज, मेट्रो स्टेशन और नर्मदा एवं ड्रेनेज लाइन शिफ्टिंग और निर्माण कार्य था.
मंत्री विजयवर्गीय आज करीब 3 बजे आईडीए कार्यालय पहुंचे. इस दौरान उन्होंने बताया कि बड़े गणपति पर आईडीए द्वारा ओवर ब्रिज बनाया जाना है. दूसरी तरफ बड़ा गणपति चौराहे पर मेट्रो का अंडर ग्राउंड स्टेशन आ रहा है. तीसरा चौराहे और मुख्य सड़क से नर्मदा एवं ड्रेनेज लाइन भी जा रही है. उक्त मेट्रो स्टेशन और ओवर ब्रिज निर्माण में नगर निगम की लाइन सबसे बड़ा समस्या है. उक्त लाइनों को शिफ्ट करने और उसकी कार्य योजना को लेकर अधिकारियों और ठेकेदार के साथ बैठक थी कि कैसे शिफ्टिंग और अन्य कार्य होंगे?
समय सीमा में पूरा काम हो जाए
विजयवर्गीय ने कहा कि दो तीन दिन बाद एक सूक्ष्म बैठक और होगी, ताकि सिंहस्थ का ध्यान रखते हुए समय सीमा में काम पूरा हो जाएं. सिंहस्थ प्रदेश का सबसे बड़ा आयोजन है, जिसमें हर काम समय से पूरा करना अनिवार्य है. विजयवर्गीय से मेट्रो के दूसरे चरण के विषय में पूछने पर उन्होंने कहा कि रामनवमी पर मालवीय नगर चौराहे तक मेट्रो का संचालन शुरू होना संभव है. मुख्यमंत्री से तय होना है. बाकी तैयारी हो चुकी है और सरकार का लक्ष्य भी है कि मार्च में शुरू करना है.
