रेहटी। जिले में चल रहे विकास एवं निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेने कलेक्टर बालागुरू के ने भैरूंदा एवं रेहटी क्षेत्र का दौरा कर विभिन्न परियोजनाओं का निरीक्षण किया.
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने स्कूल भवन निर्माण, जल जीवन मिशन परियोजना, कृषि उपज मंडी सहित कई विकास कार्यों की समीक्षा की. रेहटी तहसील कार्यालय और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली. इस दौरान एसडीएम सुधीर कुशवाह, तहसीलदार सौरभ शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे.
कलेक्टर ग्रामीण क्षेत्रों में भी पहुंचे और किसानों से संवाद कर उन्हें नरवाई नहीं जलाने के लिए जागरुक किया. उन्होंने कहा कि नरवाई जलाने से मिट्टी की उर्वरता कम होती है और पर्यावरण व स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है. किसानों से अपील करते हुए उन्होंने नरवाई प्रबंधन के वैज्ञानिक तरीकों को अपनाने की बात कही तथा अधिकारियों को गांव-गांव जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए. लाड़कुई में जल जीवन मिशन के तहत निर्माणाधीन परियोजना का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने कार्य शीघ्र पूर्ण कर हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के निर्देश दिए. उन्होंने निर्माणाधीन शासकीय सांदीपनी स्कूल भवन का निरीक्षण भी किया.
