नागालैंड की वास्तविक शक्ति वहां के लोगों की जीवंत परंपराओं में निहित – राधाकृष्णन

नयी दिल्ली 06 मार्च (वार्ता) उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने नागालैंड को प्रकृति, संस्कृति और साहस का संगम बताते हुए कहा है कि राज्य की वास्तविक शक्ति यहां के लोगों और उनकी जीवंत परंपराओं में निहित है। श्री राधाकृष्णन ने शुक्रवार को नागालैंड के लुमामी परिसर में आयोजित नागालैंड विश्वविद्यालय के 8वें दीक्षांत समारोह में नागालैंड आने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने नागालैंड को प्रकृति, संस्कृति और साहस का संगम बताते हुए उन्होंने कहा कि राज्य की वास्तविक शक्ति यहां के लोगों और उनकी जीवंत परंपराओं में निहित है। भारत की विविधता में एकता पर प्रकाश डालते हुए उपराष्ट्रपति ने कहा कि देश की शक्ति उसके मतभेदों में नहीं, बल्कि उसके लोगों को एकजुट करने वाली एकता में है।

उन्होंने 1994 में नॉर्थ ईस्टर्न हिल यूनिवर्सिटी से अलग होकर स्थापित नागालैंड विश्वविद्यालय द्वारा उच्च शिक्षा में किए गए महत्वपूर्ण योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय ने अपने शैक्षणिक दायरे का विस्तार किया है और पूरे क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की पहुंच को मजबूत किया है। उन्होंने कैंसर अनुसंधान प्रयोगशाला की स्थापना सहित विभिन्न क्षेत्रों में विश्वविद्यालय की उपलब्धियों और स्वदेशी नगा भाषाओं और पारंपरिक कानूनों के संरक्षण और दस्तावेजीकरण के प्रयासों की भी प्रशंसा की।

उपराष्ट्रपति ने स्नातक छात्रों को बधाई देते हुए उनसे विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच सामंजस्य बनाए रखते हुए उद्देश्यपूर्ण प्रगति के लिए प्रयास करने का आग्रह किया। युवाओं को जिम्मेदार जीवन जीने के लिए प्रोत्साहित करते हुए उन्होंने छात्रों से एक मजबूत राष्ट्र के निर्माण को लेकर प्रतिबद्ध रहने और नशे को दृढ़ता से ना कहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि दुनिया पहले से कहीं अधिक तेजी से विकसित हो रही है। उन्होंने उभरती चुनौतियों और अवसरों के अनुकूल होने के लिए ज्ञान और कौशल को लगातार उन्नत करने के महत्व पर जोर दिया। उपराष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में उत्तर-पूर्वी क्षेत्र के विकास पर सरकार के फोकस को भी उजागर किया। उन्होंने उत्तर-पूर्वी क्षेत्र के लिए प्रधानमंत्री विकास पहल (पीएम-देवीआईएनई) के बारे में बताया, जो इस क्षेत्र में इंफ्रास्ट्रक्चर, सामाजिक विकास और आजीविका संबंधी परियोजनाओं का समर्थन करती है। उन्होंने कहा कि यह पहल युवाओं के लिए अवसर पैदा करने और क्षेत्र में समावेशी विकास को गति देने में महत्वपूर्ण योगदान देंगी।

Next Post

लंबे युद्धों के लिए मजबूत रक्षा औद्योगिक क्षमता विकसित करना समय की जरूरत: एडमिरल त्रिपाठी

Fri Mar 6 , 2026
नयी दिल्ली 06 मार्च (वार्ता) नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश त्रिपाठी ने आधुनिक दौर के युद्धों के लिए मजबूत रक्षा औद्योगिक तैयारी की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा है कि हाल के वैश्विक संघर्षों ने लंबे समय से चली आ रही इस धारणा को बदल दिया है कि भविष्य में […]

You May Like