
नई दिल्ली। संघ लोक सेवा आयोग ने सिविल सेवा परीक्षा 2025 का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया। इस प्रतिष्ठित परीक्षा में कुल 958 अभ्यर्थियों ने सफलता प्राप्त की है, जिन्हें भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS), भारतीय पुलिस सेवा (IPS) सहित विभिन्न केंद्रीय सेवाओं के लिए चयनित किया गया है।
आयोग द्वारा जारी परिणाम के अनुसार, कुल 1087 पदों को भरने के लिए यह चयन सूची जारी की गई है। अंतिम मेरिट सूची लिखित परीक्षा और व्यक्तित्व परीक्षण (इंटरव्यू) में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार की गई है। लिखित परीक्षा अगस्त 2025 में आयोजित की गई थी, जबकि व्यक्तित्व परीक्षण दिसंबर 2025 से मार्च 2026 के बीच संपन्न हुआ।
परिणाम के अनुसार अनुज अग्निहोत्री ने देश भर में पहला स्थान प्राप्त किया है। दूसरे स्थान पर राजेश्वरी सुवे एम, तीसरे स्थान पर आकांक्षा धुल, चौथे स्थान पर राघव झुनझुनवाला और पांचवें स्थान पर ईशान भटनागर रहे।
टॉप-10 में शामिल अन्य अभ्यर्थियों में जिन्निया अरोरा (छठा), ए.आर. राजाह मोहाइडीन (सातवां), पक्षल सेक्रेटरी (आठवां), आस्था जैन (नौवां) और उज्ज्वल प्रियंक (दसवां स्थान) पर रहे।
श्रेणीवार परिणाम की बात करें तो कुल सफल 958 अभ्यर्थियों में 317 सामान्य वर्ग, 104 आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS), 306 अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) और 73 अनुसूचित जनजाति (ST) वर्ग के उम्मीदवार शामिल हैं।
इसके अलावा शीर्ष 20 में यशस्वी राज वर्धन, अक्षित भारद्वाज, अनन्या शर्मा, सुरभि यादव, सिमरनदीप कौर, मोनिका श्रीवास्तव, चितवन जैन, श्रुति आईआर, निसार दिशांत अमृतलाल और रवि राज जैसे प्रतिभाशाली अभ्यर्थियों ने भी अपनी जगह बनाई है।
UPSC द्वारा घोषित यह परिणाम देश भर के लाखों अभ्यर्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत माना जा रहा है। सफल उम्मीदवार अब प्रशिक्षण के बाद विभिन्न प्रशासनिक सेवाओं में अपनी जिम्मेदारियां संभालेंगे और शासन-प्रशासन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
