जबलपुर:गोसलपुर थाना अंतर्गत कछपुरा बायपास पर एक वृद्ध दुकानदार से शराब के लिए पैसे मांगने और मना करने पर डंडे से हमला कर दिया गया।पुलिस के अनुसार ग्राम पाली टोरिया निवासी 66 वर्षीय भूपत प्रसाद पटेल ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि कछपुरा बायपास के पास उनका हरिओम नाम से ढाबा और बाजू में गुटखा-पान की दुकान है।
रात करीब 10 बजे जब वे अपनी दुकान पर थे, तभी कछपुरा निवासी रिंकू पटेल वहां आया और शराब पीने के लिए 500 रुपये की मांग करने लगा। भूपत पटेल द्वारा पैसे देने से मना करने पर आरोपी गाली-गलौज करने लगा। विवाद इतना बढ़ा कि रिंकू पटेल ने पास ही पड़ा डंडा उठाकर वृद्ध पर हमला कर दिया, जिससे उनके बाएं कान और हाथ में गंभीर चोटें आईं। वारदात के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया।
