इंदौर: शहर में नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस आयुक्त के निर्देश पर क्राइम ब्रांच लगातार सक्रिय है. इसी कड़ी में टीम ने लक्ष्मीबाई स्टेशन के पास निर्माणाधीन ओवरब्रिज क्षेत्र से दो युवकों को 22 ग्राम अवैध मादक पदार्थ एमडी ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया है. जब्त माल की अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 2.20 लाख रुपए बताई गई है.
एडीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि क्राइम ब्रांच की टीम ने देर रात एमआर-04 रोड पर दो संदिग्ध युवकों को मेहरून रंग की हीरो होंडा बाइक पर बैठे देखा. पुलिस वाहन को देखते ही दोनों भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया. पूछताछ में उन्होंने अपने नाम शईम पिता सलीम खान और मोहम्मद शारिक पिता मोहम्मद शकील, दोनों निवासी बेटमा, इंदौर बताए. तलाशी में बाइक के टूलबॉक्स से पन्नी में पैक 22 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुआ.
पुलिस ने आरोपियों से एक बाइक सहित 2.50 लाख रुपए कीमत का माल जब्त किया है. पूछताछ में दोनों ने सस्ते दामों पर नशे का पदार्थ खरीदकर शहर में नशे के आदी लोगों को ऊंचे दामों में बेचने की बात कबूल की. आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया है. पुलिस का कहना है कि शहर में नशे के अवैध कारोबार में लिप्त अन्य व्यक्तियों की तलाश की जा रही है और इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी.
