
शाजापुर। नगर की पांच दिन तक होली मनाने की परंपरा को नगरवासियों खासकर होली उत्सव समिति द्वारा जोश और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है. जो सुबह से होली का रंग जमाते हैं, तो शाम को इनकी मेहनत से रंगारंग प्रस्तुति से मंच सज रहा है. बुधवार शाम को भी इंदौर के डांस ग्रुप ने श्रीराधा-कृष्ण फाग उत्सव की ऐसी प्रस्तुति दी, जिसने सभी नगरवासियों को अपनी कला का कायल बना दिया.
सर्व हिन्दू उत्सव समिति मीडिया प्रभारी सुमित भावसार ने बताया कि 3 मार्च को होलिका दहन के बाद से ही नगर में होली उत्सव की धूम शुरू हो गई थी. पहले दिन होली उत्सव समिति द्वारा लोकल फॉर वोकल का नारा देते हुए स्थानीय कलाकारों को मंच प्रदान किया था, जिन्होंने अपनी गायकी से नगरवासियों के बीच अपनी पहचान बनाई. बुधवार को श्रीराधा-कृष्ण फाग का आयोजन किया गया, जिसमें इंदौर से आई टीम के कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति से नगर को वृंदावन और बरसाना में बदल दिया, जिन्होंने न सिर्फ नृत्य की प्रस्तुति दी, बल्कि श्री राधा रानी और भगवान श्री कृष्ण की होली के रंग भी बिखेरे. इस दौरान सर्व हिन्दू उत्सव समिति अध्यक्ष पं. आशीष नागर, होली उत्सव समिति संयोजक पं. गोविंद शर्मा, कोषाध्यक्ष रोहित विश्वकर्मा, सचिव अंकित अंबावतिया, सह संयोजक जीत पारछे सहित बड़ी संख्या में शहरवासी मौजूद रहे.
नेमा समाज ने निकाली गेर
शुजालपुर, नेमा समाज द्वारा होली के अवसर पर परंपरागत तरीके से समाजजनों के साथ भव्य गेर निकाली गई. गेर में समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और रंग-गुलाल के साथ होली पर्व की खुशियां मनाई. गेर के पश्चात प्रतिवर्ष की भांति श्री राम जानकी धाम में होली मिलन समारोह एवं समाज की वार्षिक साधारण सभा का आयोजन किया गया. सभा में समाज का वार्षिक लेखा-जोखा प्रस्तुत किया गया तथा वर्षभर आयोजित होने वाले सामाजिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों के साथ समाज के उत्थान से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई. सभा के अंत में समाज के वर्तमान अध्यक्ष अंशुल नेमा को पुन: सर्वसम्मति से निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित किया गया. उक्त जानकारी समाज के सचिव सपन नेमा ने दी.
आज देवास के कलाकारों से सजेगा मंच
आयोजनों की यह श्रृंखला शुक्रवार को भी जारी रहेगी और इस दिन भी होली उत्सव समिति द्वारा नगरवासियों पर आनंद की फुहार बरसाई जाएगी. शुक्रवार को देवास के यंग मेलोडियन आर्केस्ट्रा ग्रुप के कलाकरों द्वारा गीतों व नृत्य की प्रस्तुति दी जाएगी. होली उत्सव समिति व सर्व हिन्दू उत्सव समिति पदाधिकारियों ने नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में आकर सभी आयोजनों को सफल बनाने की अपील की है.
रविवार तक नगर में बरसेंगे उत्साह के रंग…
3 मार्च से शुरू हुआ यह रंगारंग सिलसिला 8 मार्च को रंग पंचमी पर्व तक जारी रहेगा. आयोजन के तहत गुरुवार को भी नगरवासियों के मनोरंजन की व्यवस्था होली उत्सव समिति पदाधिकारियों द्वारा की गई. जिन्होंने जाने-माने कवियों को आमंत्रित किया, जिसमें देवास के शशिकांत यादव, हास्य कवि मुन्ना बैटरी, इंदौर की गीत गजल गायक प्रिया खुशबूू, बेटमा के हास्य कवि संजय खत्री, इंदौर के हास्य कवि श्यामकुमार पलौड़, अरनियाकलां के हास्य कवि हजारीलाल हवलदार व स्थानीय कवि पंकज पलाश ने नगरवासियों को गुदगुदाने के साथ ही देशभक्ति और देश के वर्तमाल हालात पर अपने शब्दों के बाण छोड़े, जो सीधे नगरवासियों के दिल पर लगे. यही कारण था कि देर रात तक न कवियों ने मंच छोड़ा और न ही इन कवियों को सुनने आए नगरवासी अपनी जगह से हिले.
