
इंदौर। कनाड़िया थाना क्षेत्र के ग्राम हिगोनिया में पाइप को लेकर शुरू हुआ विवाद अचानक उग्र हो गया. आरोप है कि कहासुनी के बाद एक व्यक्ति ने पहले जातिसूचक अपशब्द कहे और फिर दो नली बंदूक से हवाई फायर कर दहशत फैला दी. घटना में कोई घायल नहीं हुआ, लेकिन गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
थाना प्रभारी सहर्ष यादव ने बताया कि 40 वर्षीय फरियादी शांतिलाल बामनिया निवासी जेडएम स्कूल के पास, ग्राम हिगोनिया, 2 मार्च की शाम करीब साढ़े छह बजे अपने घर के सामने बैठे थे. उसी दौरान गांव के बलराम बैरागी वहां पहुंचे. शांतिलाल ने उनसे कहा कि यदि उनका पाइप उन्होंने लिया है तो वापस कर दें. इसी बात पर दोनों के बीच विवाद हो गया. शांतिलाल का आरोप है कि बलराम ने गाली-गलौज करते हुए जातिसूचक टिप्पणी की और वहां से चला गया. कुछ देर बाद वह दो नली बंदूक लेकर वापस लौटा, बंदूक दिखाकर धमकाया. डर के चलते शांतिलाल वहां से हटने लगे, तभी पीछे से हवाई फायर कर दिया. गोली चलने की आवाज से आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए. घटना की सूचना पर कनाड़िया पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है. साथ ही जब्त की जाने वाली बंदूक के लाइसेंस की भी जांच की जाएगी, मामले में आगे की जांच जारी है.
