ट्रंप ने ईरान के ‘झूठ’ फैलाने के लिए मीडिया पर साधा निशाना

वाशिंगटन, 16 मार्च (वार्ता) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का इस्तेमाल कर दुष्प्रचार फैलाने का आरोप लगाया है और कुछ मीडिया संस्थानों पर ईरान युद्ध को लेकर झूठी खबरें फैलाने का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है।

श्री ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया मंच पर कहा कि ईरान झूठी सूचनाएं फैलाने में माहिर है और वह एआई का उपयोग कर भ्रामक सामग्री तैयार कर रहा है, जिसे कुछ मीडिया संस्थान प्रसारित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ईरान सैन्य रूप से कमजोर है, लेकिन जनसंपर्क और मीडिया प्रबंधन के जरिए गलत सूचनाएं फैलाने में कुशल है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ मीडिया संस्थान गलत रिपोर्टिंग कर रहे हैं और अमेरिकी प्रसारण माध्यमों का उपयोग देश के खिलाफ प्रचार के लिए कर रहे हैं। श्री ट्रंप ने कहा कि ऐसी संस्थाओं के खिलाफ देशद्रोह जैसे आरोपों में कार्रवाई की जानी चाहिए।

श्री ट्रंप ने दावा किया कि ईरान द्वारा जारी किए जा रहे कई वीडियो और तस्वीरें एआई से तैयार की गयी हैं, जिनमें समुद्र में जहाजों पर हमले या आग लगने जैसे दृश्य दिखाए जा रहे हैं, जबकि वास्तविकता में ऐसा कुछ नहीं हुआ है।

उन्होंने कहा कि जिन अमेरिकी ईंधन आपूर्ति विमानों के क्षतिग्रस्त होने की खबरें सामने आई थीं, वे सभी अब भी सेवा में हैं और उनमें से एक विमान जल्द ही फिर से उड़ान भरेगा। श्री ट्रंप ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ मीडिया संस्थानों ने अमेरिकी विमानवाहक पोत के क्षतिग्रस्त होने की झूठी खबरें प्रसारित कीं, जबकि उस पर कोई हमला नहीं हुआ था।

उन्होंने कहा कि ईरान और कुछ मीडिया संस्थान मिलकर झूठी कहानियां गढ़ रहे हैं और इन्हें प्रसारित कर रहे हैं।

श्री ट्रंप ने यह भी कहा कि संघीय संचार आयोग के अध्यक्ष ब्रेंडन कैर कुछ समाचार संस्थानों के प्रसारण लाइसेंस की समीक्षा कर रहे हैं और इन संस्थानों को अमेरिकी प्रसारण माध्यमों का उपयोग कर गलत सूचनाएं फैलाने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।

 

Next Post

त्योहरों के मद्देनजर गुरुवार और शुक्रवार को राज्यसभा में अवकाश

Mon Mar 16 , 2026
नयी दिल्ली 16 मार्च (वार्ता) नवरात्रि, रमजान और गुड़ी पड़वा जैसे त्योहारों को देखते हुए गुरुवार और शुक्रवार को राज्यसभा में अवकाश रहेगा और इसकी जगह शनिवार 28 मार्च और रविवार 29 मार्च सदन की बैठकें होंगी। सभापति सी पी राधाकृष्णन ने सोमवार को सदन में बताया कि नवरात्रि ,रमजान […]

You May Like

मनोरंजन