दिल्ली थोक जिंस बाजार में दल,चावल, गेहूं में तेजी, तेलों में मिला जुला रुख

नयी दिल्ली, 03 मार्च (वार्ता) दिल्ली जिंस बाजार में मंगलवार को दाल, चावल और गेहूं के भावों में तेजी दर्ज की गयी, जबकि खाद्य तेलों में विदेशों से तेजी के संकेतों के बीच मिला-जुला रुख रहा।

थोक बाजार में औसत दर्जे के चावल की औसत कीमत 20 रुपये बढ़कर करीब 3,887 रुपये प्रति क्विंटल रह गयी। गेहूं का भाव कल के 2,834 रुपये प्रति क्विंटल की तुलना में लगभग 25 रुपये तेज हो 2859 रुपये क्विंटल के भाव बोला जा रहा था। आटा करीब 24 रुपये महंगा हो कर 3333 रुपये प्रति क्विंटल पर पहुंच गया।

दाल-दलहनों में मसूर को छोड़ कर बाकी में तेजी देखी गयी। मसूर दाल की औसत कीमत 18 रुपये प्रति क्विंटल नीचे आ गयी। तुअर दाल 100 रुपये और मूंग दाल 38 रुपये महंगी हुई। चना दाल 58 रुपये और उड़द दाल 92 रुपये प्रति क्विंटल मजबूत हुई। इन दालों में पिछले कई दिन से तेजी चल रही है।

विदेशों में मलेशिया के बुरसा मलेशिया डेरिवेटिव एक्सचेंज में पाम ऑयल का मई वायदा 39 रिंगिट चढ़कर 4,186 रिंगिट प्रति टन पर पहुंच गया। अमेरिकी जिंस वायदा-विकल्प बाजार में सोयाबीन तेल मई 0.56 डॉलर ( 0.89 प्रतिशत) की बढ़त से 63.30 सेंट प्रति पौंड के आसपास थी।

स्थानीय बाजारों में पाम ऑयल की औसत कीमत 126 रुपये बढ़ गयी। सूरजमुखी तेल 101 रुपये और और सोया तेल 103 रुपये प्रति क्विंटल तेज बोला जा रहा था। मूंगफली तेल आज 29 रुपये और फिसल गया। वनस्पति में तेजी का दौर बना रहा और इसका भाव 170 रुपये चढ़ा हुआ था। सरसों में आवक की तेजी से 241 रुपये की तेज गिरावट दर्ज की गयी।

मीठे के बाजार में आज गुड़ के औसत भाव में 49 रुपये प्रति क्विंटल की कमी दर्ज की गयी। इसके विपरीत चीनी में नौ रुपये की हल्की तेजी दिखी।

 

Next Post

आईडीएफ ने तेहरान के औद्योगिक क्षेत्र और हवाई अड्डे पर हमले से पहले दी चेतावनी, खाली कर दें इलाका

Tue Mar 3 , 2026
तेल अवीव, 03 मार्च (वार्ता) इजरायल डिफेंस फोर्स (आईडीएफ) ने योजनाबद्ध हवाई हमलों से पहले तेहरान के एक औद्योगिक क्षेत्र और करज के एक हवाई अड्डे पर ईरानियों के लिए ‘अति आवश्यक चेतावनी’ जारी की है। आईडीएफ के फारसी भाषा के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल (रिजर्व) कमल पेनहासी ने एक बयान […]

You May Like