बुधनी। एसपी दीपक कुमार शुक्ला द्वारा पुलिस व्यवस्था की समीक्षा एवं सुदृढ़ीकरण के उद्देश्य से अनुभाग बुधनी के थानों का औचक निरीक्षण किया गया. इस दौरान उन्होंने एसडीओपी कार्यालय, थाना परिसर, थाना शाहगंज तथा चौकी बकतरा का भ्रमण कर अभिलेखों, अपराध रजिस्टर, लंबित प्रकरणों, मालखाना, हवालात एवं कार्यालयीन व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया. लंबित प्रकरणों के निराकरण, अपराधों की रोकथाम के लिए गश्त, अवैध गतिविधियों पर निगरानी तथा आमजन से संवेदनशील व्यवहार रखने के निर्देश दिए. कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष बल दिया. उन्होंने आगामी त्योहारों होली, रंगपंचमी, ईद आदि पर सक्रियता से ड्यूटी करने को कहा. वर्धमान फैब्रिक्स और ट्राइडेंट कंपनी के सिक्योरिटी ऑफिसर्स के साथ कंपनी की सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में चर्चा करते हुए निर्देश दिए गए. इस अवसर पर एसडीओपी रवि शर्मा एवं थाना प्रभारी माया सिंह, निरीक्षक दिनेश सिंह चौहान व अन्य अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित थे.
