हंगामे और नगदी के अभाव में नीलामी रुकी, बैंकों से पर्याप्त नगद राशि नहीं मिलने से हो रही परेशानी

पचोर/ब्यावरा। शनिवार को ब्यावरा कृषि मंडी में हंगामे तथा पचोर मंडी में नगदी राशि के अभाव में देर तक नीलामी रुकी रही. किसानों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. नीलामी में देरी के कारण नाराजगी का वातावरण निर्मित हो गया. समझाईश के बाद नीलामी कार्य शुरु हो सका.

जानकारी के अनुसार ब्यावरा मंडी में शाम के समय हंगामे के चलते एक घंटे से अधिक समय तक नीलामी कार्य रुका रहा. जबकि पचोर मंडी में शनिवार को बैंक बंद रहने एवं बैंकों से पर्याप्त नगद राशि नहीं मिलने के कारण नीलामी कार्य में देरी हुई. निर्धारित समय पर नीलामी शुरू नहीं होने से मंडी परिसर में किसानों में नाराजगी देखी गई. सूचना मिलने पर पुलिस, प्रशासन के अधिकारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे तथा समझाईश देते हुए स्थिति को संभाला.

एक घंटे की देरी से शुरु हुई नीलामी

जानकारी के अनुसार शनिवार को नगद राशि को लेकर निर्मित संकट केे चलते व्यापारियों में भी असमंजस की स्थिति बनी रही. कुछ व्यापारी खरीदी शुरू करना चाहते थे, जबकि कुछ व्यापारियों द्वारा नगद राशि की कमी का हवाला देते हुए खरीदी करने से दूरी बना ली. इन्हीं हालातों के चलते लगभग एक घंटे तक नीलामी कार्य रुका रहा. समय पर नीलामी शुरु नहीं होने से किसान परेशान हुए और असंतोष जताया. मंडी सचिव ने मौके पर पहुंचकर व्यापारियों और किसानों से चर्चा की. आपसी संवाद के बाद लगभग 1 घंटे की देरी से नीलामी शुरू हो सकी.

नगदी की समस्या से काफी परेशानी

जानकारी के अनुसार पचोर नगर में व्यापारियों को काफी समय से बैंकों से पर्याप्त नगदी राशि नहीं मिलना बताया जा रहा है. व्यापारियों के अनुसार 40 लाख रुपए का चेक प्रस्तुत करने पर लगभग 20 लाख रुपए ही नगद मिल पा रहे है.

उपज बढऩे पर और गहराएगा संकट

व्यापारियों के अनुसार आने वाले दिनों में मंडी में उपज की आवक कहीं अधिक बढ़ेगी. ऐसी स्थिति में नगद राशि का संकट और अधिक गहरा सकताा है. यदि यही हालात रहे तो बड़ी समस्या का सामना करना पड़ सकता है.

सहमति नहीं बन सकी मंडी बंद को लेकर

शुक्रवार की शाम को कई व्यापारी नगद राशि उपलब्ध नहीं होने के चलते शनिवार को मंडी में नीलामी कार्य बंद रखे जाने के पक्ष में रहे. किंतु देर शाम तक इसको लेकर कोई सहमति नहीं बन सकी. ऐसे में मंडी के द्वारा शनिवार को अवकाश की घोषणा नहीं की जा सकी. शनिवार सुबह से ही बड़ी संख्या में किसान उपज लेकर मंडी आ गये. व्यापारियों के बीच सहमति नहीं बनने से शनिवार को नीलामी कार्य में देरी होने के कारण कुछ समय के लिए हंगामे की स्थिति भी निर्मित हो गई. पुलिस और मंडी प्रबंधन की समझाईश के बाद नीलामी कार्य शुरु हो सका.

Next Post

बड़वानी में 2 को कृषि केबिनेट,किसानों को देंगे होली की सौगात : सीएम डॉ यादव

Sat Feb 28 , 2026
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश के सभी किसानों की बेहतरी के लिए हम कई प्रकार के नवाचार कर रहे हैं। हमारी सरकार वर्ष 2026 को किसान कल्याण वर्ष के रूप में मना रही है। राज्य सरकार के 17 अलग-अलग विभागों पशुपालन, उद्यानिकी, सहकारिता, कृषि, उद्योग […]

You May Like

मनोरंजन