
दतिया। जिले के गोदन थाना अंतर्गत एक गांव में घर में अकेली मौजूद 27 वर्षीय महिला के साथ छेड़छाड़ और दुष्कर्म की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी ने महिला को रुपयों का लालच देकर दबाव बनाने का प्रयास किया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने गांव के ही एक युवक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महिला के पति, जेठ, सास और दादी सास किसी आवश्यक कार्य से भाण्डेर गए हुए थे और वह अपने तीन वर्षीय बेटे के साथ घर पर अकेली थी। इसी दौरान गांव का रहने वाला बच्चन यादव उसके घर पहुंचा और मुख्य गेट खोलने का प्रयास करने लगा। महिला ने जब अंदर से ही कहा कि घर पर कोई नहीं है, तो आरोपी ने दरवाजे पर जोरदार लात मारी। लात लगने से दरवाजे की सुरक्षा डोरी टूट गई और आरोपी जबरन घर के भीतर दाखिल हो गया। घर के अंदर घुसते ही आरोपी ने महिला को बुरी नीयत से दबोच लिया। उसने पीड़िता को रुपयों का लालच दिया और जबरन शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव बनाने लगा। जब महिला ने हिम्मत दिखाकर शोर मचाना शुरू किया, तो पकड़े जाने के डर से आरोपी बच्चन यादव तुरंत मौके से भाग निकला।
गोदन थाना पुलिस ने महिला के बयान के आधार पर आरोपी बच्चन यादव के खिलाफ उचित कानूनी धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
