
झाबुआ. माह के प्रथम कार्य दिवस पर झाबुआ कलेक्टर कार्यालय परिसर राष्ट्रभक्ति एवं प्रदेश गौरव के स्वरों से गूंज उठा। मध्यप्रदेश शासन, सामान्य प्रशासन विभाग के निर्देशानुसार आयोजित सामूहिक गायन कार्यक्रम में राष्ट्रगान, राष्ट्रगीत एवं मध्यप्रदेश गान की सुमधुर प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं अधिकारियों-कर्मचारियों में राष्ट्र के प्रति सम्मान, एकता और कर्तव्यबोध की भावना को मजबूत करना रहा।
शासकीय कन्या हाई स्कूल बुनियादी, झाबुआ की छात्राओं ने वाद्य यंत्रों की मधुर संगत के साथ राष्ट्रगान, राष्ट्रगीत एवं मध्यप्रदेश गान प्रस्तुत किया। छात्राओं की अनुशासित और प्रभावी प्रस्तुति में कलेक्टर कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी सहभागिता की। सामूहिक गायन से पूरा परिसर देशभक्ति और मध्यप्रदेश के प्रति गौरव की भावना से सराबोर दिखाई दिया।
कार्यक्रम के बाद कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने छात्राओं से संवाद कर उनका परिचय प्राप्त किया और प्रस्तुति की सराहना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवन में शिक्षा के साथ अनुशासन, संस्कार और कर्तव्यबोध का विशेष महत्व है। विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा पहचानकर निरंतर मेहनत करनी चाहिए और अपने ज्ञान एवं कौशल का उपयोग समाज तथा राष्ट्र की प्रगति में सकारात्मक योगदान के लिए करना चाहिए। कलेक्टर ने छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए चॉकलेट भी वितरित कीं।
तीरंदाजी पदक विजेताओं का सम्मान
इस अवसर पर खेल के क्षेत्र में जिले का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। सीनियर स्टेट तीरंदाजी प्रतियोगिता में रजत पदक प्राप्त करने वाले श्री पवन परमार तथा जूनियर स्टेट तीरंदाजी प्रतियोगिता में कांस्य पदक प्राप्त करने वाली कु. मुस्कान भूरिया को कलेक्टर डॉ. भरसट ने सम्मानित किया। उन्होंने दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धि की सराहना करते हुए आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जितेन्द्रसिंह चौहान, अपर कलेक्टर सी.एस. सोलंकी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
