ग्रेटर नोएडा 28 फरवरी (वार्ता) उत्तर प्रदेश में जिला गौतमबुद्धनगर परिक्षेत्र ग्रेटर नोएडा के धूम मानिकपुर क्षेत्र में शुक्रवार को बिना नंबर प्लेट की थार गाड़ी में सवार युवकों ने पेट्रोल पंप से बिना पैसे दिए डीजल भरवा कर फरार हो गए। विरोध करने पर कर्मचारियों को कुचलने की कोशिश की गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई कर थार चालक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने कल देर रात यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया बादलपुर थाना क्षेत्र के एनटीपीसी कट स्थित एक पेट्रोल पंप पर बिना नंबर की थार गाड़ी में डीजल भरवाया गया। आरोप है कि चालक बिना भुगतान किए गाड़ी लेकर दादरी बाईपास की ओर भाग निकला।
पंप पर मौजूद सेल्समैन कुलदीप शर्मा (दादरी निवासी) ने मोटरसाइकिल से उसका पीछा किया। दादरी बाईपास पर कोट चौकी क्षेत्र में जब उसने थार को रोकने का प्रयास किया तो चालक ने गाड़ी नहीं रोकी। इसी दौरान कुलदीप की बाइक थार से टकरा गई, जिससे वह घायल हो गया।
चालक की पहचान हर्ष (22), निवासी ग्राम जोली, थाना सिकंदराबाद, जिला बुलंदशहर के रूप में हुई है। उसे गाड़ी सहित कोट चौकी पर हिरासत में लिया गया है।
घायल सेल्समैन कुलदीप शर्मा को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार उनकी हालत फिलहाल सामान्य है और उपचार जारी है।
थाना बादलपुर पुलिस ने बताया कि तहरीर प्राप्त कर ली गई है और अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, थार सवार आरोपी हाईवे पर बाइक को घसीटते रहे, जिससे उसमें आग लग गई। सड़क पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। घटना में दो लोग घायल बताए जा रहे हैं।
सीसीटीवी में कैद इस वारदात के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। पीड़ित पक्ष का कहना है कि यदि समय रहते वाहन को रोका जाता तो बड़ा हादसा टल सकता था।
