जबलपुर: भारत मैट्रिमोनी एप के जरिए जीवनसाथी तलाशना एक युवती के लिए खौफनाक साबित हुआ। दरअसल ग्वारीघाट थाना क्षेत्र में रहने वाली एक सॉफ्टवेयर प्रोफेशनल युवती ने डिजिटल दौर में वैवाहिक ऐप से जीवनसाथी तलाशा। शादी के बाद दहेज के लिए न केवल प्रताड़ित किया गया, बल्कि उससे लाखों रुपये और कार की मांग को लेकर मारपीट भी की गई। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर पति, सास और ससुर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि ग्वारीघाट थाना अंतर्गत मानेगांव निवासी 29 वर्षीय पायल बासू एक निजी कंपनी में वर्क फ्रॉम होम करती हैं, जिसकी मुलाकात भारत मेट्रोमोनी एप के जरिए पोलीपाथर निवासी प्रखर घोष से हुई थी। शादी पक्की होते ही प्रखर ने कार के नाम पर पायल से 50 हजार रुपये ऐंठ लिए। इसके लिए वह खुद पायल के वर्क लोकेशन भोपाल गया था।
लाखों के जेवर और कैश के बाद भी नहीं भरा पेट
पीड़िता के अनुसार अक्टूबर में हुई सगाई में उनके माता-पिता ने प्रखर को 1 लाख का चेक, 50 हजार नगद, सोने की चेन, अंगूठी और अन्य कीमती सामान दिया। शादी का पूरा खर्च लगभग 8 लाख रुपये भी लड़की पक्ष ने ही उठाया। शादी से ठीक पहले भी ससुराल पक्ष ने 2 लाख रुपये नगद दहेज के रूप में लिए।
19 लाख की टाईगन कार प्रताड़ना
शिकायत में पीड़िता ने बताया कि पति प्रखर लगातार 19 लाख रुपये की वोक्सवैगन टाईगनकार की मांग कर रहा था। जब युवती के परिवार ने असमर्थता जताई, तो प्रखर ने कार फाइनेंस करा ली और अब उसकी किस्तें भरने के लिए पायल पर 19 लाख रुपये देने का दबाव बनाने लगा। मना करने पर पति और सास ने पीड़िता के साथ मारपीट की, जबकि ससुर ने गाली-गलौज कर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। पुलिस ने प्रखर घोष, उसके पिता सुमेश चंद्र घोष और सास के खिलाफ दहेज प्रताड़ना की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
