ताला नहीं छोड़ेगा रेल कोच रेस्टोरेंट का साथ
जबलपुर, नवभारत। पिंक रेलवे स्टेशन मदन महल के प्लेटफार्म क्रमांक चार के बाहर बने रेल कोच रेस्टोरेंट पर रेल अधिकारियों द्वारा ताजा जानकारी शुक्रवार को दी गई। सीनियर डीसीएम डॉ. मधुर वर्मा द्वारा बताया गया कि विगत कुछ दिनों पहले बंद पड़े रेल कोच रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया गया था। उन्होंने आगे बताया कि फ्लाईओवर निर्माण के चलते यहां उड़ रही धूल गर्दा के कारण अभी इस रेल कोच रेस्टोरेंट को फिलहाल खोलने का कोई इरादा नहीं है। हालांकि इसकी रिपोर्ट बनाकर संबंधित विभाग को फारवर्ड भी कर दी गई है। बता दे कि धीमी गति से चल रहे फ्लाईओवर निर्माण का कार्य अब अंतिम पड़ाव पर आ चुका है। जब से यहां फ्लाईओवर का कार्य प्रारंभ हुआ था, तभी से यह रेल कोच रेस्टोरेंट बंद कर दिया गया था। यहां के व्यंजनों का लुफ्त उठाने वाले लोगों ने बताया कि फ्लाईओवर निर्माण में उड़ने वाली धूल से सब परेशान है।
लग गया था ग्रहण
रेल मंडल के कामर्शियल विभाग ने मदनमहल रेलवे स्टेशन के बाहर शुरू किए गए रेल कोच रेस्टोरेंट को सालाना लगभग 10 से 12 लाख रुपये किराए पर निजी संस्थान को दिया था। इस रेल कोच रेस्टोरेंट का शुभारंभ तो हुआ लेकिन कुछ माह के अंदर ही इस रेस्टारेंट के पीछे फ्लाइओवर के पिलर और रैंप बनाने का काम शुरू हो गया था। जिसके चलते इस रेस्टोरेंट पर ग्रहण लग गया था। यहां से उड़ने वाली धूल सीधा कोच रेस्टोरेंट में ही जाती थी। जिस के चलते धीरे-धीरे लोगों ने इससे किनारा कर लिया था। वही मदन महल थाना और रेल अंडर ब्रिज से यहां आने वाली सड़क भी बदहाल हो चुकी थी जिसे अब बना लिया गया है।
इनका कहना है
रेल कोच रेस्टोरेंट का निरीक्षण अभी कुछ दिनों पहले किया गया था, एक बार फ्लाइओवर का कार्य खत्म हो जाए फिर इसे चालू किया जाएगा।
डॉ. मधुर वर्मा, सीनियर डीसीएम, पश्चिम मध्य रेल