भिंड: सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती वर्ष पर जिला स्तरीय एकता पदयात्रा का आयोजन देशभक्ति के माहौल में हुआ। सांसद संध्या राय के नेतृत्व में निकली पदयात्रा में अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, स्कूली विद्यार्थियों, एनसीसी कैडेटों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने हिस्सा लिया। हाथों में तिरंगे और “एक भारत श्रेष्ठ भारत” के नारों ने पूरे शहर में एकता की भावना को जीवंत कर दिया।
एकता पदयात्रा का शुभारंभ निराला रंग विहार मेला ग्राउंड से हुआ। रैली महावीरगंज, बजरिया, किला रोड और गोरी रोड होते हुए पुनः मेला ग्राउंड पहुंचकर समाप्त हुई। शुभारंभ के दौरान राष्ट्रगीत गाया गया और उपस्थित जनों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई गई।सांसद संध्या राय ने अपने संबोधन में कहा कि लौह पुरुष सरदार पटेल ने स्वतंत्रता के बाद 560 से अधिक रियासतों का एकीकरण कर भारत को एक मजबूत और अखंड राष्ट्र बनाया।
उनका साहस, दूरदृष्टि और राष्ट्रहित में लिया गया कठोर निर्णय आज के भारत की नींव है। उन्होंने कहा कि विभिन्न संस्कृतियों और विविधताओं के बावजूद भारत को एक सूत्र में पिरोने का कार्य पटेल ने किया, जिसकी प्रेरणा आज भी हर नागरिक को दिशा देती है।पदयात्रा में शामिल विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों ने देशभक्ति के नारे लगाए और तिरंगा लहराते हुए एकता का संदेश दिया। पूरे मार्ग में पदयात्रा के दौरान युवाओं और बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
