छत्तीसगढ़ कांग्रेस का भाजपा पर स्तरहीन राजनीति करने का आरोप

रायपुर, 02 मार्च (वार्ता) छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर धान खरीदी के मुद्दे पर स्तरहीन राजनीति करने का आरोप लगाया है।

भाजपा द्वारा सोशल मीडिया पर जारी एक पोस्टर को लेकर श्री बैज ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि भाजपा धान खरीदी में हुई अपनी विफलता से ध्यान भटकाने के लिए इस तरह की राजनीति कर रही है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बैज ने सोमवार को कहा कि भाजपा ने कांग्रेस नेताओं और उनके परिजनों को धान खरीदी में हुए भुगतान का पोस्टर जारी करके यह दिखाने की कोशिश की है मानो यह कोई खैरात बांटी गई हो। उन्होंने कहा, “यह हमारे खून-पसीने की कमाई है। यदि हम और हमारे नेता किसान हैं तो हमारी उपज की कीमत मिलना स्वाभाविक है। भाजपा ने कोई खैरात नहीं दी है।”

उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि यदि भाजपा में साहस है तो वह मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, किरण देव, रमन सिंह, अजय चंद्राकर और धरमलाल कौशिक जैसे अपने नेताओं को धान बेचने पर हुए भुगतान की जानकारी भी सार्वजनिक करे।

श्री बैज ने कहा कि भाजपा सरकार ने सात लाख किसानों का धान नहीं खरीदा और लाखों किसानों का रकबा सरेंडर करवा दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार किसानों को अंतराशि में 2600 करोड़ रुपए कम दे रही है। उन्होंने कहा कि साय सरकार ने किसानों के खाते में अंतर राशि आधी-अधूरी डाली है। उन्होंने कहा कि दो सालों में धान के समर्थन मूल्य में 206 रुपए प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी हुई है, इसलिए सरकार को अंतर राशि की गणना 3286 रुपए प्रति क्विंटल के आधार पर करनी चाहिए, न कि 3100 रुपए के आधार पर।

श्री बैज ने गणना करते हुए बताया कि इस वर्ष 141 लाख टन धान की खरीदी हुई है और सरकार किसानों को लगभग 2622 करोड़ रुपए कम दे रही है। कांग्रेस की मांग है कि सरकार किसानों को 3286 रुपए प्रति क्विंटल की दर से भुगतान करे।

इसके अलावा उन्होंने शिक्षक भर्ती के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 57,000 शिक्षकों के पद खाली हैं लेकिन सरकार केवल 5,000 शिक्षकों की भर्ती करने की बात कह रही है, जो युवाओं के साथ धोखा है। कांग्रेस ने मांग की है कि सरकार एकमुश्त 57,000 शिक्षकों की भर्ती करे।

 

 

Next Post

मत्स्यपालकों के कल्याण के लिए सरकार ला रही मत्स्य नीति : सीएम डॉ. यादव

Mon Mar 2 , 2026
भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि किसान कल्याण वर्ष में मध्यप्रदेश के हर अंचल में कैबिनेट की बैठक आयोजित की जाएगी। जनजातीय अंचल नागलवाड़ी (निमाड़) में आज सोमवार को कृषि कैबिनेट आयोजित की जा रही है। बीते वर्ष भी निमाड़ क्षेत्र के महेश्वर में अहिल्या माता की […]

You May Like

Play sound