समझौते के लिए ‘गिड़गिड़ा’ रहा है ईरान , ट्रम्प ने किया दावा

वाशिंगटन, 26 मार्च (वार्ता) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने गुरुवार को दावा किया कि ईरान अपनी “निर्णायक हार” स्वीकार कर रहा है और अब युद्ध समाप्त करने के लिए समझौते के लिए ‘गिड़गिड़ा’ रहा है।

व्हाइट हाउस में एक कैबिनेट बैठक में श्री ट्रम्प ने कहा कि अमेरिकी सैन्य अभियान उम्मीद से कहीं अधिक तेजी से आगे बढ़ रहे हैं और ईरान के पास अब एक नया भविष्य चुनने का अवसर है। उन्होंने ईरानी नेतृत्व पर क्षेत्रीय वर्चस्व का आकांक्षी होने का आरोप लगाते हुए कहा, “वे बीमार हैं और पश्चिम एशिया पर कब्जा करना चाहते थे।” उन्होंने कहा कि अमेरिका अपनी वर्तमान रणनीति जारी रखेगा क्योंकि अभियान समय से काफी आगे चल रहा है।

अमेरिकी राष्ट्रपति के अनुसार युद्ध की शुरुआत में मिशन पूरा करने के लिए 4 से 6 सप्ताह का अनुमान लगाया गया था, लेकिन केवल 26 दिनों में ही अमेरिका ने लक्ष्य के करीब पहुँचने में बड़ी सफलता हासिल की है।

समझौते की संभावनाओं पर राष्ट्रपति ने थोड़ा संदेह भी जताया और कहा, “मुझे नहीं पता कि हम समझौता कर पाएंगे या नहीं। वे (ईरानी) खराब लड़ाके हैं, लेकिन बेहतरीन वार्ताकार हैं।”

श्री ट्रम्प ने स्पष्ट किया कि वह इस समझौते के लिए उतावले नहीं हैं, बल्कि ईरान इसके लिए दबाव बना रहा है।

इससे पहले ट्रम्प ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर लिखा कि ईरानी वार्ताकार “अजीब” व्यवहार कर रहे हैं और उन्हें जल्द ही गंभीर होना चाहिए, अन्यथा परिणाम “अच्छे नहीं होंगे”।

दूसरी ओर ईरान ने सार्वजनिक रूप से किसी भी सीधी बातचीत से इनकार किया है और अमेरिकी प्रस्ताव को “एकतरफा और अनुचित” बताया है। ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा कि फिलहाल उनकी नीति “प्रतिरोध जारी रखने” की है और इस समय बातचीत की बात करना हार स्वीकार करने जैसा होगा।

 

 

Next Post

मेडिकल विवि के अधिकारी हाईकोर्ट में तलब

Thu Mar 26 , 2026
जबलपुर। मप्र हाईकोर्ट ने एमएससी नर्सिंग (द्वितीय वर्ष) की परीक्षा परिणाम में गड़बड़ी के मामले को सख्ती से लिया है। जस्टिस विवेक रूसिया व जस्टिस प्रदीप मित्तल की युगलपीठ ने मामले में एमपी मेडिकल यूनिवर्सिटी जबलपुर के कुलसचिव और परीक्षा नियंत्रक को अगली सुनवाई के दौरान उपस्थित रहने के निर्देश […]

You May Like