छतरपुर। स्वागत कार्यक्रम के दौरान अप्रत्याशित घटना सामने आई। भारतीय जनता पार्टी के जिला उपाध्यक्ष राम मनोहर तिवारी पदभार ग्रहण करने के बाद ग्राम खैरा में आयोजित सम्मान समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। कार्यकर्ताओं द्वारा फूलमालाओं से स्वागत और आशीर्वाद लेने के दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वे सड़क किनारे बनी खुली नाली में जा गिरे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्वागत जुलूस के बीच भीड़ अधिक थी और सड़क किनारे की नाली खुली हुई थी, जिसमें पानी भी भरा था। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वे सीधे गड्ढे में गिर पड़े। मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने घटना का वीडियो मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
हालांकि, पास में मौजूद कार्यकर्ताओं ने तुरंत उन्हें सहारा देकर बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि इस हादसे में उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई और वे सुरक्षित हैं। घटना के बाद कार्यक्रम कुछ समय के लिए बाधित हुआ, लेकिन बाद में सामान्य रूप से जारी रहा।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने गांव में खुली नालियों और जर्जर सड़कों को लेकर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि कई स्थानों पर खुले गड्ढे और जलभराव दुर्घटनाओं को न्योता दे रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द मरम्मत और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।
