सतना : मथुरा निवासी और चित्रकूट के आश्रम में रह रही महिला के कमरे में घुसकर बैग में रखी नकदी और आभूषण चुराने और महिला के जग जाने पर घातक हमला करने वाले आरोपी को चित्रकूट पुलिस ने सीतापुर उप्र क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया. आरोपी के आधिपत्य से 2 लाख 37 हजार रु और सोने की अंगूठी के साथ कट्टा-कारतूस पाया गया.
चित्रकूट थाना प्रभारी डी आर शर्मा से प्राप्त जानकारी के अनुसार वृंदावन बांगर मथुरा उप्र निवासी 60 वर्षीय महिला राधिकादास पाराशर जिले के चित्रकूट क्षेत्र के वार्ड क्र. 11 ददरौआ धाम आश्रम सिरसावन में रह रही थीं. 6 सितंबर की रात वे अपने जब वे सो गईं तो खटके की आवाज से उनकी नींद खुल गई. उन्होंने देखा कि कोई व्यक्ति उनका पिट्ठू बैग ले जाने का प्रयास कर रहा था.
लेकिन जैसे ही चोर ने देखा कि राधिकादास जग चुकी हैं उसने घातक आयुध से प्रहार कर दिया. महिला को घायल करने के बाद चोर बैग लेकर वहां से भाग गया. बैंग में 2.40 लाख की नकदी और सोने की अंगूठी सहित आधार व वोटर कार्ड भी रखे हुए थे. घटना की शिकायत मिलने पर पुलिस ने जांच शुरु करते हुए सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरु किए. फुटेज के जरिए जैसे ही आरोपी की पहचान हुई वैसे ही पुलिस टीम ने उसे पकडऩे के लिए छापेमारी शुरु कर दी.
वहीं सोमवार को सटीक सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने उसे चौगालिया बाजार सीतापुर उप्र से गिरफ्तार कर लिया. आरोपी की पहचान अनुज उर्फ गोधा सिंह पिता अरुध उम्र 22 वर्ष निवासी मरझा बांदा उप्र के तौर पर हुई. आरोपी के पास से 2.37 लाख रु की नकदी और सोने की अंगूठी के साथ 315 बोर का कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद कर लिया गया. वहीं घटना में शामिल दूसरे आरोपी की सरगर्मी से तलाश की जा रही है.
