
भोपाल। प्रदेश महिला कांग्रेस ने शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी के खिलाफ प्रदेशव्यापी प्रदर्शन आयोजित किए।
चर्चित “एपस्टीन फाइल्स” से जुड़े हालिया घटनाक्रम के बाद महिला कांग्रेस ने नैतिक जिम्मेदारी तय करने और मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर यह आंदोलन किया। महिला कांग्रेस ने कहा कि यह विरोध राजनीतिक जवाबदेही और सार्वजनिक जीवन में नैतिक मानकों को बनाए रखने के उद्देश्य से किया गया है।
प्रदेश के विभिन्न जिलों के प्रमुख चौराहों पर काले वस्त्र धारण कर महिला कार्यकर्ताओं ने शांतिपूर्ण लेकिन प्रभावी ढंग से प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने लोकतांत्रिक तरीके से नारेबाजी करते हुए मंत्री से तत्काल इस्तीफा देने की मांग की। कई स्थानों पर पुतला दहन कर आक्रोश व्यक्त किया गया।
रीना बौरासी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि देश की राजनीति में पारदर्शिता और नैतिकता सर्वोपरि होनी चाहिए। यदि किसी सार्वजनिक पद पर आसीन व्यक्ति का नाम किसी गंभीर अंतरराष्ट्रीय प्रकरण में सामने आता है तो उसे नैतिक आधार पर पद छोड़ देना चाहिए।
प्रदेश महिला कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि उचित कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
