जबलपुर: जिला पंचायत जबलपुर की सामान्य प्रशासन समिति की बैठक जिला पंचायत कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष आशा मुकेश गोंटिया ने की। बैठक में सहकारिता एवं उद्योग विभाग के कार्यों की समीक्षा के साथ लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग एवं जल निगम द्वारा हैंडपंपों की सफाई व्यवस्था पर चर्चा की गई। साथ ही बरगी बांध की दाईं और बाईं तट नहर की वर्तमान स्थिति की भी विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष विवेक पटेल, मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक गहलोत सहित जिला पंचायत सदस्य एवं संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
नई बिल्डिंग का किया निरीक्षण
बैठक के पश्चात जिला पंचायत अध्यक्ष आशा गोंटिया, उपाध्यक्ष विवेक पटेल, सीईओ अभिषेक गहलोत सहित जिपं सदस्यों ने जिला पंचायत की नई निर्माणाधीन बिल्डिंग का निरीक्षण किया। सीईओ ने अधिकारियों को 1 सप्ताह में सिविल वर्क करने और अप्रैल माह तक मीटिंग हॉल का कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिये। उन्होंने बताया कि मीटिंग हॉल में लगभग 200 लोग एक साथ बैठ सकते हैं, जिसमें सभी तरह की मूलभूत सुविधाओं को मुहैया कराया जाएगा। इस मौके पर बिल्डिंग निर्माण से जुड़े अधिकारी- कर्मचारी मौजूद थे।
