
सीहोर। कलेक्टर बालागुरु के की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई. जिसमें सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई.
कलेक्टर ने कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की जाए तथा आवश्यक होने पर ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन का प्रस्ताव भी भेजा जाए. सड़क दुर्घटनाएं रोकने हेतु ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर उनके रेक्टिफिकेशन की कार्रवाई निरंतर की जाए और प्रत्येक माह दुर्घटनाओं का विश्लेषण कर रिपोर्ट बैठक में प्रस्तुत की जाए. ओवर स्पीडिंग पर नियंत्रण के लिए हाईवे के टोल नाकों के पास स्पीड रडार गन के माध्यम से कार्रवाई करने, शहर में यातायात बाधित करने वाले अतिक्रमणों को हटाने के साथ ही निर्माण कार्यों के बीच में आ रहे बिजली के पोल को शिफ्ट करने की कार्रवाई करने के निर्देश संबंधित विभाग को दिए. सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को त्वरित इलाज के लिये पीएम राहत योजना के तहत चिकित्सालयों में पीडि़तों के इलाज की कैशलैस योजना के प्रभावी रूप से क्रियान्वयन के लिए पुलिस, परिवहन, एनआईसी एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकरियों को कार्यवाही करने के निर्देश दिए. कलेक्टर ने कुबरेश्वर धाम के सामने हाईवे पर हाई मास्ट लाइट लगाने के भी निर्देश दिए. उन्होंने बैठक में जिला वन मंडल अधिकारी सुश्री अर्चना पटेल, ईपीडब्ल्यूडी के बीएल अहिरवार, आरटीओ रीतेश तिवारी, एमपीआरडीसी के एसडीओ संजीव जैन, यातायात प्रभारी बृजमोहन धाकड़ सहित अन्य अधिकारी अधिकारी उपस्थित थे.
