
जबलपुर। रांझी पुलिस ने टी-20 वर्ल्ड कप के दौरान ऑनलाइन सट्टा खिलाने वाले एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने दो सटोरियों को रंगे हाथों पकड़ा गया जो कार के भीतर बैठकर श्रीलंका बनाम न्यूजीलैंड मैच पर दांव लगवा रहे थे।
थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रामनगर रांझी स्थित सामुदायिक भवन मेमोरी तिराहा के पास एक कार एमपी MP 20 जेड जी 0030 में बैठकर कुछ युवक मोबाइल पर सट्टा खिला रहे हैं। पुलिस ने टीम गठित कर दबिश दी और घेराबंदी कर कृष्णा नामदेव निवासी आदर्श मार्केट और अनमोल पटारिया उर्फ बीसू निवासी दर्शन तिराहा को दबोच लिया।
मोबाइल में खुले थे क्रिकेट गुरु और थर्ड आई एप
तलाशी के दौरान आरोपियों के मोबाइल में क्रिकेट गुरु और थर्ड आई जैसे एप्लिकेशन खुले मिले, जिनमें मैच के भाव और रनों पर दांव लगाया जा रहा था। पुलिस ने उनके पास से 4 महंगे मोबाइल, नगद 20,350 व सट्टे में प्रयुक्त कार एमपी 200 जेड जी 0030 जब्त की है।
खत्री बंधुओं से जुड़ी हैं तारें, चल रहा था पूरा सिंडिकेट
पूछताछ में मुख्य आरोपी अनमोल उर्फ बीसू पटारिया ने चौंकाने वाले खुलासे किए। उसने बताया कि वह सट्टे की मास्टर आईडी दिलीप खत्री और संजय खत्री से लेता है। इसके बाद उसने अपने अधीन एजेंटों का एक पूरा सिंडिकेट बना रखा था, जिसमें अंकुश शिवहरे, विशाल सराफ, राहुल ललवानी, अंकित सोनकर और विवेक गुप्ता जैसे नाम शामिल हैं। ये सभी आईडी और पासवर्ड बांटकर खिलाड़ियों से हार-जीत का दांव लगवाते थे और मैच के बाद नगद लेनदेन करते थे।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। अब पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य एजेंटों और मुख्य सरगना दिलीप व संजय खत्री की तलाश में जुट गई है।
