
इंदौर। आज मेट्रो रेल सेवा शुरू होने के बाद मुख्यमंत्री शाम को इंदौर आए। एयरपोर्ट से सीधे मेट्रो रेल के गांधीनगर स्थित देवी अहिल्याबाई मेट्रो स्टेशन पहुंचे। गांधीनगर से मेट्रो रेल में सुपर कॉरिडोर – 3 तक सफर किया और वापस गांधीनगर अहिल्याबाई स्टेशन पहुंचे। इंदौर मेट्रो रेल सेवा शुरू होने के तुरंत बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रधानमंत्री की बिदाई कर इंदौर आए। आते ही मेट्रो संचालन का जायजा लेने सीधे गांधीनगर स्टेशन पहुंचे। वहां उन्होंने मेट्रो ड्राइवर कक्ष में पहुंचकर मेट्रो रेल संचालन की व्यवस्थाओं को देखा। मेट्रो अधिकारियों से चर्चा कर मेट्रो रेल संचालन के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
उन्होंने अपने सफ़र के दौरान महिला यात्रियों से भी चर्चा की और उनके अनुभव जाने। स्टेशन पहुंचते ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
इस दौरान नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद शंकर लालवानी, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक रमेश मेंदोला, मधु वर्मा, गोलू शुक्ला, मालिनी गौड़ तथा उषा ठाकुर, सुमित मिश्रा, श्रवण कुमार चावड़ा सहित वरिष्ठ अधिकारी संभागायुक्त दीपक सिंह, पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह तथा कलेक्टर आशीष सिंह साथ थे।
