
छतरपुर। मातागुवां थाना क्षेत्र में बीती रात एक मार्मिक घटना सामने आई, जहां भूख से परेशान एक नाबालिग बच्चा शादी समारोह में खाना खाने पहुंच गया। समारोह में मौजूद लोगों ने उसे संदिग्ध समझ लिया और पकड़ने की कोशिश की। घबराकर बच्चा भागा और पास के नाले में गिरकर घायल हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चे को सुरक्षित बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, श्रीजी होटल में एक विवाह समारोह चल रहा था। इसी दौरान बच्चा अकेला पहुंचा और खाना खाने लगा। लोगों को उस पर शक हुआ और उसे पकड़ने के लिए दौड़ पड़े। डर के कारण बच्चा भागते हुए नाले में गिर गया, जिससे उसे हल्की चोटें आईं और वह घबरा गया।
पुलिस की पूछताछ में बच्चे ने बताया कि वह राजगढ़ का निवासी है और अपनी मां के साथ बागेश्वर धाम आया था, लेकिन भीड़ में उनसे बिछड़ गया। रातभर भटकने और भूख लगने के कारण वह शादी में खाना खाने पहुंचा था। उसने रोते हुए पुलिस से कहा, “साहब, मैं चोर नहीं हूं, भूखा था।”
सीएसपी अरुण सोनी के अनुसार, बच्चे को सुरक्षित थाने लाकर मेडिकल परीक्षण कराया गया और फिलहाल उसे बाल कल्याण समिति (CWC) के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है और मामले में किसी पक्ष ने शिकायत दर्ज नहीं कराई है।
