RCom जांच में शिकंजा कसा: ED ने अनिल अंबानी के पाली हिल स्थित घर को किया अटैच

मुंबई। कारोबारी जगत में एक और बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। प्रवर्तन निदेशालय ने मनी लॉन्ड्रिंग जांच के दायरे को आगे बढ़ाते हुए उद्योगपति अनिल अंबानी की मुंबई स्थित प्रमुख आवासीय संपत्ति Abode को अस्थायी रूप से अटैच कर लिया है। यह कार्रवाई रिलायंस कम्युनिकेशन से जुड़े कथित बैंक धोखाधड़ी मामले की जांच के सिलसिले में की गई है।

ED के अधिकारियों के अनुसार, यह कदम प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के तहत उठाया गया है। एजेंसी ने हाल ही में अस्थायी अटैचमेंट आदेश जारी किया है। जांच का केंद्र बिंदु (RCom) से जुड़े वित्तीय लेन-देन और कथित अनियमितताएं हैं।

Abode नामक यह 17 मंजिला इमारत मुंबई के प्रतिष्ठित पाली हिल क्षेत्र में स्थित है। लगभग 66 मीटर ऊंची यह संपत्ति देश की सबसे महंगी निजी आवासीय इमारतों में गिनी जाती है। ED के अनुसार, इस संपत्ति की अनुमानित कीमत करीब 3716.83 करोड़ रुपये आंकी गई है।

सूत्रों का कहना है कि अनिल अंबानी समूह की कंपनियों के खिलाफ अब तक 15,000 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्तियां विभिन्न मामलों में अटैच की जा चुकी हैं। हालांकि, मामले में अंतिम निर्णय न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगा। जांच एजेंसी की यह कार्रवाई कॉरपोरेट क्षेत्र में वित्तीय जवाबदेही को लेकर सख्त रुख का संकेत मानी जा रही है।

 

You May Like