
भोपाल: मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी ने गुरुवार को किसान कांग्रेस के सभी जिला अध्यक्षों और प्रदेश पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में किया। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश किसान कांग्रेस अध्यक्ष धर्मेन्द्र चौहान ने की। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, पी.सी. शर्मा, लाखन सिंह यादव, पूर्व किसान कांग्रेस अध्यक्ष एवं मुरैना विधायक दिनेश गुर्जर, उप नेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे, विधायक बाबू जंडेल, पंकज उपाध्याय, सेवादल अध्यक्ष अवनीश भार्गव, पुनीत टंडन सहित राष्ट्रीय किसान कांग्रेस के पदाधिकारी कुलदीप पटेल और बरुआ उपस्थित रहे।
अपने उद्बोधन में श्री पटवारी ने किसान कांग्रेस को पार्टी संगठन की एक अत्यंत महत्वपूर्ण इकाई बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि किसान खाद और बीज की कमी, नकली दवाइयों एवं कृषि सामग्री की मिलावट जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं, जबकि मोहन सरकार किसानों की प्राथमिकताओं की उपेक्षा कर रही है। उन्होंने घोषणा की कि मार्च 2026 में किसानों के नेतृत्व में विधानसभा घेराव किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश की 75 प्रतिशत जनता कृषि पर निर्भर है, इसलिए संगठन का विस्तार ब्लॉक स्तर से प्रत्येक पंचायत तक किया जाए और हर पंचायत में अध्यक्ष नियुक्त हो।
बैठक में सर्वसम्मति से कई प्रमुख प्रस्ताव पारित किए गए—जिला व ब्लॉक इकाइयों को पंचायत स्तर तक मजबूत बनाना; किसानों की समस्याओं का व्यवस्थित संकलन; कृषि विभागों में भ्रष्टाचार उजागर करने हेतु आरटीआई का प्रभावी उपयोग; सोशल मीडिया के माध्यम से किसान-केंद्रित संदेशों का प्रसार; तथा 14 दिसंबर को दिल्ली में प्रस्तावित अखिल भारतीय अधिवेशन की तैयारी।
बैठक का समापन आगामी कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन के संकल्प के साथ हुआ।
