सतना :रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार की शाम उस वक्त एक हादसा सामने आया ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक गंभीर तौर पर घायल हो गया. घायल युवक को उपचार के लिए जबलपुर ले जाया गया. हादसा प्लेटफार्म क्र. 1 से 2 की ओर जाने के दौरान हुआ.प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार की शाम लगभग 5 बजे कुआं सुहास बाबूपुर निवासी शिवा चतुर्वेदी पिता मनोज उम्र 25 वर्ष रेलवे स्टेशन पहुंचा.
बताया गया कि हड़बड़ाहट में नजर आ रहा शिवा प्लेफार्म क्र. 1 पर पहुंचा और फौरन ही प्लेफार्म क्र. 2 पर जाने के लिए निकल पड़ा. इसी दौरान 12321 हावड़ा-मुंबई मेल सुफा ट्रेन प्लेटफार्म क्र. 1 पर आ रही थी. पटरी के रास्ते से प्लेटफार्म 2 की ओर जाने के दौरान शिवा ट्रेन की चपेट में आ गया. यह दृश्य देख प्लेटफार्म पर मौजूद लोगों के बीच चीख-पुकार मच गई. लेकिन इससे पहले कि लोग मदद के लिए पहुंच पाते शिवा का दायां पैर ट्रेन की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गया.
ट्रेन की चपेट में आने से शिवा का दायां पैर एड़ी से अलग हो गया. उस दौरान ड्यूटी पर तैनात जीआरपी और आरपीएफ कर्मियों ने फौरन ही शिवा को संभाला और किनारे किया. इसी कड़ी में कुलियों की मदद से स्ट्रेचर पर लादकर प्लेटफार्म से बाहर निकालने के बाद घायल शिवा को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय ले जाया गया. जहां पर उसका प्राथमिक उपचार करने के बाद मेडिकल कॉलेज रीवा के लिए रेफर कर दिया गया. लेकिन बेहतर उपचार की आस में परिजन उसे लेकर जबलपुर के लिए रवाना हो गए.
मानसिक तनाव की संभावना
रेलवे स्टेशन पर हादसा सामने आने के बाद पुलिस द्वारा प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरु की गई. पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में यह जानकारी सामने आई कि शुक्रवार को ही शिवा का अपने पिता के साथ किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था. जिसके चलते गुस्से में आकर शिवा घर से निकल गया था. फिलहाल इस बात की पुष्टि नहीं हो सकी है कि मानसिक तनाव की वजह से शिवा के साथ दुर्घटना हो गई. अथवा उसके द्वारा आत्महत्या करने का प्रयास किया गया
