प्रशिक्षण के अभाव में थमी एमआई सेंसस की रफ्तार, बैतूल के पटवारियों ने जताई असमर्थता

बैतूल। लघु सिंचाई संगणना के तहत खेतों में स्थित कुओं और ट्यूबवेलों की गणना का कार्य बैतूल जिले में अभी तक शुरू नहीं हो पाया है।

पटवारियों को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है, लेकिन उन्हें संबंधित मोबाइल एप का प्रशिक्षण नहीं दिए जाने से नाराजगी और असमंजस की स्थिति बनी हुई है।

शासन द्वारा सिंचाई के स्रोतों का अद्यतन रिकॉर्ड तैयार करने के लिए हर पांच वर्ष में लघु सिंचाई संगणना कराई जाती है। इस वर्ष यह संगणना ‘एमआई सेंसस’ नामक मोबाइल एप के माध्यम से की जानी है। इसके तहत पटवारियों को अपने-अपने हल्के में पहुंचकर प्रत्येक कुएं और ट्यूबवेल का जियो टैग करते हुए फोटो लेना और आवश्यक जानकारी एप में दर्ज करना है।

मध्यप्रदेश पटवारी संघ जिला बैतूल के कार्यकारी जिला अध्यक्ष अवधेश वर्मा ने बताया कि संगणना का कार्य महज दो दिन में पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं, जो व्यवहारिक रूप से संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि एक पटवारी हल्का क्षेत्र काफी विस्तृत होता है, जहां अनेक गांव और खेत शामिल रहते हैं। ऐसे में हर कुएं और ट्यूबवेल तक पहुंचकर जियो टैगिंग और डेटा दर्ज करने में अधिक समय लगता है।

जिले में पंचायतों की संख्या 554 है, जबकि पटवारियों की संख्या केवल 488 है। इसके कारण कई पटवारियों के पास एक से अधिक हल्कों का अतिरिक्त प्रभार है। ऐसे में सीमित समय में संगणना का कार्य पूरा करना और भी कठिन हो गया है।

इस संगणना के दौरान केवल कुओं और ट्यूबवेलों की संख्या ही नहीं, बल्कि उनकी गहराई, चौड़ाई, निर्माण या खनन का वर्ष, सिंचाई के लिए उपयोग होने वाले ऊर्जा स्रोत जैसे बिजली या डीजल पंप, डैम से पानी की उपलब्धता और स्प्रिंकलर जैसी तकनीकों के उपयोग से संबंधित जानकारी भी एकत्र की जानी है।

पटवारियों का कहना है कि बिना प्रशिक्षण के एप का उपयोग करना और तकनीकी जानकारी दर्ज करना कठिन है। उन्होंने पहले एप संचालन का प्रशिक्षण देने और संगणना की समय सीमा बढ़ाने की मांग की है। पटवारियों के अनुसार, प्रशिक्षण मिलने और पर्याप्त समय दिए जाने के बाद ही संगणना का कार्य प्रभावी रूप से किया जा सकेगा।

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, लघु सिंचाई संगणना से जिले में उपलब्ध सिंचाई संसाधनों का सटीक आंकलन संभव होगा, जिससे भविष्य की सिंचाई योजनाओं और जल प्रबंधन की रणनीति बनाने में सहायता मिलेगी।

Next Post

लटेरी में अवैध कटाई पर बिफरे भाजपा विधायक उमाकांत: सरकार पेड़ लगा रही, वनकर्मी कटवा रहे

Wed Feb 25 , 2026
भोपाल। विधानसभा में आज भारतीय जनता पार्टी के एक विधायक ने अवैध वन कटाई को लेकर अपनी ही सरकार को कटघरे में खड़ा कर दिया। प्रश्नकाल के दौरान सिरोंज से भाजपा विधायक उमाकांत शर्मा ने अपने विधानसभा क्षेत्र के लटेरी में अवैध वन कटाई का मामला उठाया। उन्होंने कहा कि […]

You May Like