
शाहगढ़। ग्राम खरगाटोरा में अज्ञात चोरों ने एक मकान को निशाना बनाते हुए चोरी का प्रयास किया. हालांकि घर में सो रहे परिजनों की सतर्कता के कारण चोर अपनी मंशा में कामयाब नहीं हो सके और मौके से फरार हो गए.
जानकारी के अनुसार चोर घर के मुख्य दरवाजे की कुंडी तोड़कर अंदर घुसने का प्रयास कर रहे थे. इसी दौरान दरवाजे की कुंडी खोलते समय तेज आवाज हुई, जिससे घर के सदस्य जाग गए. परिजनों की आहट मिलते ही चोर घबराहट में भागने लगे. बताया जा रहा है कि भागने की कोशिश के दौरान एक चोर का हाथ दरवाजे में
फंस गया, जिससे उसे गंभीर चोट आई और वह लहूलुहान हो गया. खून बहने के बावजूद वह अपने साथियों के साथ अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया. घटना स्थल से कुछ दूरी पर चोरी के प्रयास में इस्तेमाल किए गए औजार तथा एक जैकेट पड़ी मिली है. आशंका जताई जा रही है कि घायल चोर जल्दबाजी में अपना सामान वहीं छोड़कर भाग निकले,
ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. थाना प्रभारी संदीप खरे ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी गई है तथा संदिग्धों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं. ग्रामीणों का कहना है कि कुछ माह पूर्व पड़ोस के गांव में लाखों रुपये की चोरी की वारदात हुई थी.
