
लखनऊ। उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने प्रयागराज की पाक्सो अदालत द्वारा स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद से जुड़े प्रकरण में जांच और FIR दर्ज करने के आदेश के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र भेजकर मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग की है। उन्होंने आग्रह किया है कि इस पूरे प्रकरण की जांच किसी केंद्रीय एजेंसी से कराई जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके और किसी भी तरह की राजनीतिक या प्रशासनिक पक्षपात की आशंका दूर हो।
अजय राय ने अपने पत्र में कहा कि स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद से जुड़ा मामला व्यापक जनचर्चा का विषय बन गया है और इससे प्रदेश की कानून-व्यवस्था तथा प्रशासनिक निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने लिखा कि यदि केंद्र सरकार स्वतंत्र एजेंसी से जांच कराती है तो इससे आम जनता का भरोसा मजबूत होगा।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने यह भी कहा कि लोकतंत्र में निष्पक्ष जांच अत्यंत आवश्यक है और सरकार को पारदर्शिता का परिचय देते हुए इस मांग पर सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए।
