इंदौर: शहर के प्राणी संग्रहालय को एक बार फिर एग्ज़ॉटिक जानवरों का उपहार मिला है. टाइगर ब्रीडिंग एवं एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत शिमोगा जू से चार बायसन रुद्र, तुलसी, कल्कि और ताप्ती इंदौर जू में शामिल किए गए हैं. इसके बदले इंदौर जू ने शिमोगा को एक टाइगर दिया.महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने इंदौर प्राणी संग्रहालय पहुंचकर प्रभारी डॉ. उत्तम यादव के साथ नए वन्य प्राणियों का अवलोकन किया. उन्होंने बताया कि बायसन के साथ ही दो जोड़े शुतुरमुर्ग भी इंदौर जू में शामिल किए हैं, कुल मिलाकर इस बार आठ एग्ज़ॉटिक जानवर संग्रहालय के परिवार में जुड़ गए हैं.
इस दौरान महापौर ने बताया कि पहले आए ज़ेब्रा की देखभाल उत्कृष्ट रही और केयरटेकर डॉ. उत्तम यादव के प्रयासों से यहां सफलतापूर्वक प्रजनन भी हुआ. इसके बाद इंदौर जू अब जिराफ़ प्राप्त करने की पात्रता भी हासिल कर चुका है. संग्रहालय टीम ने नए बायसन और शुतुरमुर्ग का स्वागत किया. महापौर ने इस दौरान कहा कि आने वाले समय में इंदौर जू में सेंट्रल इंडिया का सबसे आकर्षक एक्वेरियम स्थापित किया जाएगा, जो दर्शकों के लिए बड़ी सौगात साबित होगा.
