छतरपुर। उभरती खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से जिला प्रशासन की पहल पर बैडमिंटन प्रतियोगिता की शुरुआत की गई। शनिवार सुबह 11 बजे बाबूराम चतुर्वेदी स्टेडियम में आयोजन का शुभारंभ हुआ।
इस खेल श्रृंखला के पहले चरण में लंगड़ी दौड़ प्रतियोगिता आयोजित की गई थी, जिसमें बड़ी संख्या में बच्चों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अब दूसरे चरण में बैडमिंटन मुकाबलों की शुरुआत के साथ खिलाड़ियों में खासा जोश देखने को मिला।
कार्यक्रम में राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार, छतरपुर विधायक ललिता यादव तथा जिला पंचायत सीईओ सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की प्रतिभाओं को उचित मंच और संसाधन मिलें, इसके लिए प्रशासन लगातार प्रयासरत है।
प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्ग के खिलाड़ियों के बीच मुकाबले कराए जा रहे हैं। विजेताओं को सम्मानित भी किया जाएगा। आयोजन का उद्देश्य युवाओं को खेलों की ओर आकर्षित करना और उन्हें जिला व राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है।
