बीझिंग, 21 फरवरी (वार्ता) चीन में इन दिनों नव वर्ष का उत्सव ‘अग्नि अश्व’ के प्रतीक के साथ अत्यंत उत्साह और पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया जा रहा है।
दुनियाभर के राष्ट्रप्रमुखों और गणमान्य लोगों ने चीनी प्रमुख शी जिनपिंग को नव वर्ष की बधाई भी दी है। जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज़ ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करके स्प्रिंग फेस्टिवल की शुभकामनाएं दीं और उम्मीद जताई कि घोड़े का साल जर्मनी-चीन रिश्तों में नई ताकत और रफ़्तार लाएगा। कज़ाख राष्ट्रपति कासिम-जोमार्ट टोकायेव ने आपसी सहयोग को मज़बूत करने, अंतरराष्ट्रीय सहयोग बढ़ाने और द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के लिए चीन के साथ काम करने की अपनी इच्छा जताई। उनके अलावा तुर्कमेनिस्तान के राष्ट्रपति बर्दीमुहामेदोव, ताजिकिस्तान के राष्ट्रपति इमोमाली रहमोन,बेलारूस केराष्ट्रपति अलेक्जेंडर लुकाशेंको, ने भी बधाई संदेश भेजे हैं। सांस्कृतिक रूप से, बीजिंग से लेकर विश्व के अन्य हिस्सों तक लोग इस ‘अश्व वर्ष’ को बाधाओं को पार करने और सफलता की गति प्राप्त करने के अवसर के रूप में देख रहे हैं। इस अवसर पर लाल रंग की सजावट और साथ में पारंपरिक भोज किया जाता है। चीनी नव वर्ष के इस अवसर पर बीजिंग और शंघाई जैसे प्रमुख शहरों को लाल लालटेन और पारंपरिक सजावट से पाट दिया गया है। ‘घोड़े के वर्ष’ के आगमन पर लोगों ने एक-दूसरे को उपहार और ‘लाल लिफाफे’ भेंट किए। इस त्यौहार का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा ‘पुनर्मिलन भोज’ है, जहाँ परिवार के सभी सदस्य एक साथ भोजन करते हैं। इसे दुनिया का सबसे बड़ा वार्षिक मानवीय प्रवासन भी कहा जाता है, क्योंकि करोड़ों लोग अपने पैतृक घरों की ओर यात्रा करते हैं। इस पर्व पर लाल रंग को सौभाग्य और समृद्धि का प्रतीक माना जाता है। लोग न केवल लाल कपड़े पहनते हैं, बल्कि अपने घरों के दरवाजों पर लाल कागजों पर सौभाग्य के संदेश भी चिपकाते हैं।
चीनी चंद्र कैलेंडर के अनुसार, इस वर्ष को ‘घोड़े के वर्ष’ के रूप में चिह्नित किया गया है, जो गति, शक्ति और सफलता का प्रतीक माना जाता है। बीजिंग के मंदिरों और सार्वजनिक स्थलों पर हज़ारों की संख्या में लोग ‘ड्रैगन और लायन डांस’ देखने और नए साल की खुशहाली की प्रार्थना करने के लिए उमड़ पड़े हैं। चीनी ज्योतिष में ‘घोड़ा’ सक्रियता और स्वतंत्रता का प्रतिनिधित्व करता है। माना जाता है कि इस वर्ष में शुरू किए गए नए उद्यम और साहसिक कार्य सफल होते हैं, जो वैश्विक व्यापारिक समुदाय के लिए एक सकारात्मक मनोवैज्ञानिक संदेश है। हांगकांग की प्रसिद्ध फेंगशुई विशेषज्ञ थियरी चो के अनुसार, इस वर्ष कुल 12 पशु प्रतीकों के चक्र में ‘घोड़ा’ केंद्र बिंदु है, जबकि पिछला वर्ष ‘सांप’ का था और आगामी 2027 ‘बकरी’ का वर्ष होगा। वर्ष 2026 चीनी चंद्र कैलेंडर का एक अत्यंत महत्वपूर्ण वर्ष है। 17 फरवरी, 2026 से शुरू हुआ यह वर्ष ‘अश्व’ (घोड़े) का वर्ष है, जो कि 60 वर्षों के चक्र में एक विशिष्ट स्थान रखता है। यह वर्ष 60 साल में एक बार आने वाला ‘बिंग वू’ संयोग है, जो सूर्य और घोड़े दोनों की अग्नि ऊर्जा को समाहित करता है। चीनी ज्योतिष के अनुसार, वर्ष 2026 ‘बिंग’ (स्वर्ग का तना – सूर्य) और ‘वू’ (पृथ्वी की शाखा – घोड़ा) का मेल है। चूंकि घोड़ा स्वयं एक अग्नि चिन्ह है और सूर्य भी अग्नि का प्रतीक है, इसलिए 2026 को ‘फायर हॉर्स’ का वर्ष कहा जा रहा है। गौरतलब है कि चीनी राशि चक्र में कुल 12 पशुओं को प्रतीक के रूप में शामिल किया गया है। ये पशु एक निश्चित क्रम में हर 12 साल में दोहराए जाते हैं। ये 12 पशु अपनी विशिष्ट विशेषताओं के साथ इस क्रम में आते हैं: चूहा , बैल ,बाघ खरगोश ड्रैगन, सांप, घोड़ा, (वर्तमान वर्ष 2026), बकरी, बंदर, मुर्गा, कुत्ता और सुअर। यह वर्ष 2026 केवल घोड़े का वर्ष नहीं है, बल्कि यह ‘अग्नि अश्व’ ( का वर्ष है। ऐसा इसलिए क्योंकि प्रत्येक पशु को पांच तत्वों (लकड़ी, अग्नि, पृथ्वी, धातु और जल) में से एक के साथ जोड़ा जाता है।

