
ग्वालियर। राजधानी दिल्ली के प्रगति मैदान में चल रहे हाई-प्रोफाइल एआई इम्पैक्ट समिट में यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आक्रामक नारेबाजी तथा अर्धनग्न प्रदर्शन करने के विरोध में आज ग्वालियर में बीजेपी के युवा मोर्चे ने शिन्दे की छावनी में जिला कांग्रेस कार्यालय का घेराव किया और बैरिकेड पर चढ़कर प्रदर्शन किया। जवाब में कांग्रेस कार्यकर्ता भी कार्यालय के बाहर आ गए। दोनों पक्षों के बीच जोरदार प्रदर्शन हुआ। स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए पुलिस ने दोनों ओर ट्रैफिक रोककर बैरिकेडिंग की लेकिन दोनों पक्षों ने बैरिकेडिंग पर चढ़कर प्रदर्शन जारी रखा।
बीजेपी का आरोप है कि अंतरराष्ट्रीय एआई समिट के दौरान कांग्रेस की युवा इकाई द्वारा शर्ट उतारकर हंगामा करना और देश की गरिमा को ठेस पहुँचाने का प्रयास अत्यंत निंदनीय है। पार्टी का कहना था कि यह भारत की अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा को धूमिल करने वाला कृत्य है। कांग्रेस का दावा है कि बीजेपी जमीनी स्तर पर कुछ नहीं कर रही है, इसलिए उनके कार्यकर्ता कांग्रेस कार्यालय का घेराव करने निकले। दोनों ही पक्षों का प्रदर्शन तनावपूर्ण रहा। पूरे शिंदे की छावनी में पुलिस तैनात है, ट्रेफ़िक भी जाम है।
