
भोपाल। नगरीय विकास एवं आवास तथा संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय द्वारा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार को औकात में रहो कहे जाने के बयान को लेकर कांग्रेस ने शुक्रवार को प्रदेश भर में प्रदर्शन किया।
राजधानी भोपाल में प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय के बाहर युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंत्री विजयवर्गीय का पुतला दहन करने का प्रयास किया, जिसे पुलिस ने रोक दिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच छीना-झपटी हुई तथा कुछ कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया। प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए पुलिस को वाटर कैनन भी चलानी पड़ी, वही अन्य शहरों में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन कर पुतले जलाए।
गौरतलब है विधानसभा के बजट सत्र के दौरान सिंगरौली में कोल ब्लॉक आवंटन के मुद्दे पर चर्चा के समय नेता प्रतिपक्ष और संसदीय कार्य मंत्री के बीच तीखी नोकझोंक हुई।
