किसान सम्मेलन में शिरकत करने राहुल-खड़गे 24 को भोपाल आयेंगे, ट्रेड डील के खिलाफ होगी आंदोलन की शुरुआत

भोपाल। मध्यप्रदेश की राजनीति में 24 फरवरी को बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम देखने को मिलेगा। राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे भोपाल पहुंचकर किसान सम्मेलन को संबोधित करेंगे और भारत-अमेरिका ट्रेड डील के खिलाफ कांग्रेस के देशव्यापी आंदोलन का आगाज करेंगे।

यह जानकारी जीतू पटवारी ने दी। उन्होंने बताया कि नई दिल्ली में खड़गे, राहुल गांधी और के सी वेणुगोपाल के नेतृत्व में उत्तर भारत के कांग्रेस प्रदेश अध्यक्षों, प्रभारियों और नेता प्रतिपक्षों की महत्वपूर्ण बैठक हुई, जिसमें भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर विस्तार से चर्चा की गई।

पटवारी ने आरोप लगाया कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा किया गया यह समझौता किसानों के हितों के खिलाफ है। उनका कहना है कि इस डील के कारण सोयाबीन, मक्का, गेहूं और कपास जैसी फसलों के दाम गिरे हैं, जिससे विशेष रूप से मध्यप्रदेश के किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने बताया कि कांग्रेस पार्टी इस अन्यायपूर्ण ट्रेड डील के विरोध में पूरे देश में किसान सम्मेलन आयोजित करेगी। इसकी शुरुआत 24 फरवरी को भोपाल से होगी, जहां राहुल गांधी और खड़गे स्वयं उपस्थित रहकर किसानों के हक की लड़ाई का संदेश देंगे।

उन्होंने प्रदेश के किसानों, कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से बड़ी संख्या में सम्मेलन में शामिल होकर किसानों के अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होने का आह्वान किया है।

Next Post

खजुराहो नृत्य समारोह हमारी राष्ट्रीय धरोहर : सीएम डॉ यादव

Fri Feb 20 , 2026
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि खजुराहो नृत्य समारोह हमारी राष्ट्रीय धरोहर है। खजुराहो ऐसा स्थान है जहां पत्थरों में प्राण होते हैं। खजुराहो में स्थित कंदरिया महादेव मंदिर, चतुर्भुज मंदिर, वामन मंदिर, चित्रगुप्त मंदिर, पार्वती मंदिर सहित देवालयों के परिवार विद्यमान हैं। शौर्य और रत्नों की धरती […]

You May Like