साली से संबंधों का विवाद बना हत्या की वजह

छिंदवाड़ा: तामिया थाना क्षेत्र में युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, महिला रिश्तेदार से कथित संबंधों को लेकर उपजे विवाद में राजेश सलाम की हत्या की साजिश रची गई थी। आरोपियों ने पहले युवक के साथ मारपीट की, फिर मफलर से गला घोंटकर और सिर जमीन पर पटककर उसकी जान ले ली। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी बाइक से वापस लौट गए। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, साइबर सेल की मदद और पूछताछ के आधार पर मामले का खुलासा किया है। बता दे कि पुलिस को 8 अक्टूबर को डिंडी-जोगीभुआर रोड के पास बाई-बहना के जंगल में एक अज्ञात युवक का शव मिलने की सूचना मिली थी। युवक के माथे पर चोट के निशान थे। उसके गले और हाथों में मफलर बंधा हुआ था। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल से नारंगी रंग का गमछा मिला, जबकि जंगल के गेट के पास घास में छिपाया गया मोबाइल फोन भी बरामद हुआ। मोबाइल के आधार पर मृतक की पहचान इटावा निवासी राजेश सलाम के रूप में हुई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी।
सीसीटीवी फुटेज ने खोली वारदात की परतें
जांच के दौरान पुलिस ने पिपरिया-तामिया रोड स्थित कुआ बादला टोल प्लाजा के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में बाइक पर तिलकराम आगे और राजेश पीछे बैठा दिखाई दिया। इसके बाद साइबर सेल की मदद से तिलकराम की तलाश कर उसे हिरासत में लिया गया। पूछताछ में हत्या से जुड़े अहम सुराग सामने आए। पुलिस के अनुसार मृतक राजेश पिपरिया में मजदूरी करता था। 7 अक्टूबर को वह तिलकराम उर्फ राजेश कवरेती के साथ बाइक से पिपरिया से तामिया क्षेत्र के कोहका जाने निकला था। अगले दिन तिलकराम अकेला पिपरिया लौट आया, जबकि राजेश का कोई पता नहीं चला।
कथित संबंधों को लेकर था विवाद
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में तिलकराम ने बताया कि राजेश सलाम के उसकी साली से पिछले चार-पांच वर्षों से कथित संबंध थे। इस बात को लेकर तिलकराम के साले राजेश कुड़ापा ने भी मृतक राजेश सलाम को धमकी दी थी। पुलिस का कहना है कि इसी विवाद के चलते दोनों आरोपियों ने हत्या की योजना बनाई। 7 अक्टूबर को दोनों राजेश सलाम को पिपरिया से कोहका ले गए। रास्ते में उसे शराब पिलाई और बाई-बहना के जंगल की ओर ले जाने के बहाने बाइक रुकवा दी। इसके बाद जंगल में राजेश कुड़ापा ने डंडे से और तिलकराम ने हाथ-मुक्कों से उसके साथ मारपीट की। युवक के बेहोश होने पर दोनों उसे जंगल के भीतर ले गए, जहां मफलर से गला कसकर और सिर जमीन पर पटककर उसकी हत्या कर दी।
बाइक और डंडा जब्त, दोनों आरोपी जेल भेजे
वारदात के बाद आरोपी बाइक से कोहका लौट गए। 8 अक्टूबर को तिलकराम ने मृतक की हरे रंग की बाइक बिजोरी में छिपा दी और फिर पिपरिया चला गया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर बाइक, उसकी चाबी और वारदात में इस्तेमाल किया गया बांस का डंडा जब्त किया है। पुलिस ने राजेश कुड़ापा 44 वर्ष निवासी ग्राम कोहका, थाना पचमढ़ी और तिलकराम उर्फ राजेश कवरेती 46 वर्ष निवासी मोरढाना, थाना तामिया, हाल मुकाम रायखेड़ी रोड, पिपरिया, जिला नर्मदापुरम को गिरफ्तार किया है। दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। पुलिस की जांच में सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्य अहम साबित हुए।

Next Post

मैं 400 मीटर के विश्व रिकॉर्ड को तोड़ने का प्रयास करना चाहती हूं: शॉन मिलर-उइबो

Thu Oct 15 , 2026
नयी दिल्ली, 15 अक्टूबर, (वार्ता) वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन (वीडीएचएम) 2026 की अंतरराष्ट्रीय इवेंट एंबेसडर और दो बार की ओलंपिक चैंपियन शॉन मिलर-उइबो ने कहा कि वह महिलाओं की 400 मीटर दौड़ के विश्व रिकॉर्ड तोड़ने का प्रयास करना चाहती है। नई दिल्ली में रविवार को होने वाली ‘वर्ल्ड एथलेटिक्स […]

You May Like

Play sound