
इंदौर. पालदा औद्योगिक क्षेत्र में बिजली व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है. यहां बनने वाले नए 33/11 केवी सब स्टेशन के लिए जमीन का निरीक्षण मंगलवार को किया गया. निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने साफ संकेत दिए कि यह परियोजना सिर्फ एक सब स्टेशन नहीं, बल्कि आने वाले वर्षों में औद्योगिक विस्तार की रीढ़ साबित होगी.
अनूप कुमार सिंह ने निर्माण स्थल का दौरा कर करीब ढाई करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले 5 एमवीए क्षमता के नए ग्रिड की तैयारियों की समीक्षा की. उन्होंने सिविल कार्य में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है, क्योंकि इससे सीधे रोजगार और निवेश जुड़े हैं. निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पाया कि पालदा औद्योगिक क्षेत्र में नई इकाइयों की बढ़ती संख्या के कारण मौजूदा बिजली लोड लगातार बढ़ रहा है. ऐसे में नया सब स्टेशन क्षेत्र में वोल्टेज समस्या, ट्रिपिंग और ओवरलोड जैसी परेशानियों को काफी हद तक कम करेगा. खास बात यह है कि नए ग्रिड में अत्याधुनिक ट्रांसफार्मर, केबल और कंडक्टर लगाए जाएंगे, जिससे बिजली वितरण व्यवस्था अधिक स्मार्ट और भरोसेमंद बनेगी.
शिकायत निवारण व्यवस्था की जानकारी ली
एमडी सिंह ने पुराने ग्रिड का भी निरीक्षण किया और शिकायत निवारण व्यवस्था की जानकारी ली. सूत्रों के मुताबिक कंपनी भविष्य में पालदा क्षेत्र को ‘हाई डिमांड इंडस्टि्रयल पॉवर जोन’ के रूप में विकसित करने की तैयारी में है, ताकि नए उद्योगों को तेज और स्थिर बिजली कनेक्शन मिल सके. निरीक्षण के दौरान एसएल करवाड़िया, डीके गाठे, राजेश जौहर, अजीज बूटवाला और अलिंद देशपांडे सहित कई अधिकारी मौजूद रहे.
