
छतरपुर। जिले के बंसिया गांव के पास भुराने की पहाड़ी पर बीती शाम एक बार फिर तेंदुआ नजर आने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई है। गांव से महज 400-500 मीटर की दूरी पर जंगली जानवर की मौजूदगी ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। खास बात यह है कि कुछ दिन पहले इसी इलाके के एक कुएं में तेंदुए का शव मिला था, और अब दोबारा उसकी मौजूदगी ने हालात और संवेदनशील बना दिए हैं।
वीडियो बना, सोशल मीडिया पर वायरल
बीती शाम करीब 5:30 से 6 बजे के बीच तेंदुआ पहाड़ी पर बैठा दिखाई दिया। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने उसका वीडियो और फोटो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से तेंदुआ लगातार इसी क्षेत्र में देखा जा रहा है।
पटाखों से भगाया, फिर लौटा शिकारी
ग्रामीणों ने बताया कि वन विभाग को पहले भी सूचना दी गई थी, जिसके बाद कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर पटाखे फोड़कर तेंदुए को भगाने की कोशिश की थी। लेकिन यह प्रयास ज्यादा देर तक असरदार नहीं रहा और तेंदुआ फिर उसी पहाड़ी पर लौट आया।
कुछ दिन पहले इसी इलाके के एक कुएं में तेंदुए का शव मिलने की घटना ने पहले ही इलाके को दहशत में डाल दिया था। उस मामले में वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज किया था। अब दोबारा तेंदुए की मौजूदगी से वन विभाग भी सतर्क हो गया है।
डीएफओ ऋषि मिश्रा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए रेंजर को गांव में मुनादी कराने, लोगों को सतर्क करने और मौके पर टीम तैनात कर निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। विभाग का कहना है कि ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए हर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।
