ग्वालियर: कल मनाई जाने वाली होली की धुलेंडी, रंगपंचमी एवं रमजान माह के दौरान जिले में कानून व्यवस्था, शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने हेतु पुलिस कंट्रोल रूम सभागार में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह ने जिले के समस्त पुलिस अधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं चैकी प्रभारियों की बैठक ली।बैठक में एसएसपी धर्मवीर सिंह ने निर्देशित किया गया कि त्यौहारों के दौरान जिले में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहेगा, जो पूर्ण संसाधनों से लैस होकर संवेदनशीलता एवं सतर्कता के साथ ड्यूटी कर रहा है।
किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए बलवा ड्रिल सामग्री एवं आवश्यक संसाधनों सहित पुलिस बल पूर्णतः तैयार है। सघन पेट्रोलिंग, आगजनी से बचाव हेतु पर्याप्त संसाधन एवं आयोजकों द्वारा वॉलंटियर्स की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। एसएसपी सिंह ने समस्त थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि डीजे संचालन निर्धारित समय एवं ध्वनि सीमा के अनुरूप ही किया जाए, अन्यथा नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी। धार्मिक स्थलों एवं संवेदनशील स्थानों की मर्यादा बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जाए, त्यौहारों के दौरान किसी भी वर्ग की धार्मिक भावनाएं आहत न हों, यह सुनिश्चित किया जाए। सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने हेतु पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि शांति समिति की बैठकें आयोजित कर गणमान्य नागरिकों एवं आयोजकों से समन्वय स्थापित किया जाए।
