
बालाघाट। वन परिक्षेत्र उत्तर लामता सामान्य के अंतर्गत मोहगांव बीट कक्ष क्रमांक 1208/9 के जंगल में शनिवार को दो नर भालू उम्र करीब तीन माह मृत हालत में पाए गए। दोनों भालू की मौत आपसी संघर्ष से होना सामने आई है। वन विभाग ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर शव बरामद किया। पशु चिकित्सक टीम से पोस्टमार्टम करवाकर अंतिम संस्कार कर दिया। जानकारी के अनुसार सुबह के समय जंगल में वनकर्मी गश्त कर रहा था। तभी उसने मोहगांव बीट में दो भालू को मृत हालत में देखे गए। जिसकी सूचना तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। दरअसल, वन परिक्षेत्र उत्तर लामता सामान्य के अधिकांश जंगल कान्हा राष्ट्रीय उद्यान के कारीडोर व पेंच की सीमा से लगे है। जिससे यहां के जंगल में बाघ, तेंदुआ, बायसन, भालू, हिरण, चीतल के अलावा अन्य वन्य प्राणी बहुतायत में हैं। इन वन्य प्राणियों के कई बार सड़क पर भी राहगीरों को दर्शन हो जाते है। एसडीओ तरुण डहरीया ने बताया कि सुबह के समय मोहगांव बीट में वनकर्मी गश्त कर रहा था। इसी दौरान उसने दो भालू को मृत हालत देखा गया। प्रथम दृष्टया दोनों भालू की मौत आपसी संघर्ष से होने की बात सामने आई है। पोस्टमार्टम के बाद बिसरा ले लिया गया है जिसे फारेंसिक लैब जांच करने के लिए भेजा जाएगा। वहां से रिपोर्ट आने के बाद और स्पष्ट हो जाएगा कि दोनों भालू की किन कारणों से मौत हुई है। भालू की मौत के बाद से सभी बीट के वनकर्मियों को अपने क्षेत्र में गश्ती करने के निर्देश दिए गए है।
