सराफा व्यवसायियों से लूट में शामिल अंतर्राज्यीय “एरागोल्ला गैंग”के 03 लोग 22 लाख रुपए के साथ गिरफ्तार

बालाघाट:जिले में सराफा व्यापारियों से हुई लूट की 02 घटनाओं के खुलासे एवं आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष पुलिस टीमों द्वारा थाना लांजी एवं थाना किरनापुर क्षेत्र की दोनों लूट की घटनाओं का तकनीकी एवम् मैदानी स्तर पर अनुसंधान करते हुए आरोपियों के आवागमन के मार्ग, सीसीटीवी कैमरों एवम् टेलीफोन संबंधी आंकड़ों के आधार पर जांच की गई। घटनाओं में कोई प्रत्यक्षदर्शी,आरोपी का नाम अथवा वाहन का पंजीयन क्रमांक उपलब्ध नहीं था तथा आरोपी बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिलों का उपयोग कर कपड़े बदलते हुए वारदात को अंजाम देते थे । पुलिस टीमों द्वारा मध्यप्रदेश के साथ साथ महाराष्ट्र,छत्तीसगढ़,उड़ीसा एवम् आंध्रप्रदेश तक सड़क मार्ग से कुल 22,270 किलोमीटर की दूरी तय कर लगातार तलाश, पतासाजी की गई।पुलिस की सतत कार्यवाही में अंततः अंतर्राज्यीय “ऐरागोल्ला गैंग” की पहचान हुई तथा मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटे गए आभूषणों में से लगभग 22 लाख रुपए मूल्य का मशरूका बरामद किया गया।
घटना का संक्षिप्त विवरण

प्रकरण 01
दिनांक 06.08.2026 को फरियादी गेंदलाल करंडे निवासी ग्राम रजेगांव ने थाना किरनापुर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि दिनांक 05.08.2026 की शाम वह रजेगांव चौक स्थित अपने सागर ज्वेलर्स नामक सराफा दुकान बंद कर सोने चांदी के आभूषण एवम् हिसाब के हस्तलिखित रजिस्टर सहित 02 बैग स्कूटी में रखकर घर जा रहा था।रास्ते में अज्ञात मोटरसाइकिल सवार आरोपियों ने उसकी स्कूटी के सामने मोटरसाइकिल लगाकर उसे रोक लिया तथा स्कूटी में रखे दोनों बैग छीनकर मौके से फरार हो गए।फरियादी की रिपोर्ट पर थाना किरनापुर में अपराध क्रमांक 251/2026,धारा126(2),309(4) बीएनएस के तहत अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

प्रकरण 02
दिनांक 29.08.2026 को फरियादी कपिल आसटकर निवासी आमगांव रोड़ लांजी ने थाना लांजी में रिपोर्ट दर्ज कराई कि दिनांक 28.08.2026 की शाम वह अपनी आमगांव रोड़ स्थित कामना ज्वेलर्स नामक सराफा दुकान बंद कर सोने चांदी के आभूषण एवम् नगदी 4000 रुपए दो थैलों में रखकर मोटरसाइकिल से अपने घर जा रहा था।आमगांव रोड़ स्थित पंप हाऊस के पास अज्ञात आरोपियों ने उसकी मोटरसाइकिल को रोक लिया तथा लकड़ी के डंडे से सिर पर वार कर उसे घायल कर दोनों थैलों में रखे सोने चांदी के आभूषण और नगदी छीनकर आमगांव रोड़ की ओर फरार हो गए।फरियादी की रिपोर्ट पर थाना लांजी में अपराध क्रमांक 241/2026धारा 309(6) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया।
अपराधियों की कार्यप्रणाली
स्पोर्ट्स मोटरसाइकिल का प्रयोग आरोपी हेलमेट पहनकर वारदात को अंजाम देते थे और मार्ग में मोटरसाइकिलों की आपस में अदला बदली करते थे।
डिजिटल निशान का अभाव निवास से घटनास्थल तक किसी व्यक्तिगत सिम या नियमित हैंडसेट का उपयोग नहीं करते थे।इंटरनेट कालिंग सीमित रूप में की गई और हैंडसेट का उपयोग केवल वारदात के समय करते थे।

वारदात में बिना न.प्लेट की मोटरसाइकिल का उपयोग किया गया।पूर्व नियोजित स्थानों पर मोटरसाइकिल की आपसी अदला बदली और कपड़े बदले गए तथा कैमरों से बचा गया। घटना के बाद आरोपी तुरंत दूरस्थ सुरक्षित स्थान पर पहुंचते थे और वहां लूट का माल आपस मे बाटते थे।

आंध्रप्रदेश एवम् उड़ीसा की बस्तियों में महिलाओं एवम् स्थानीय लोगों को आगे कर पुलिस कार्यवाही में बाधा उत्पन्न करने का प्रयास किया गया।

आरोपी चिरंजीवी उर्फ शुभम यादव जो पूर्व में इंदिरा कालोनी बालाघाट का निवासी था को क्षेत्र कि भौगोलिक स्थिति एवं स्थानीय गतिविधियों की जानकारी थी।इसका लाभ उठाकर उसने साथी रोशन के साथ लांजी रजेगांव क्षेत्र में फरियादियों की रेकी की,उनकी गतिविधियों की जानकारी जुटाई और अन्य साथियों के साथ मिलकर वारदातों को अंजाम दिय

पुलिस अधीक्षक बालाघाट के निर्देशन में गठित टीमों द्वारा दिनांक 05.08.2026 से 08.10.2026 तक की 65 दिनों की अवधि में 14 टीमों ने अथक परिश्रम किया। इनमें से 56 दिन कोई न कोई टीम जिले से बाहर रही और एक समय में अधिकतम 05 टीम एक साथ तैनात रहीं।

घटनास्थल के निकट लगे कैमरों के फुटेज का फ्रेम परीक्षण किया गया।जिससे पता चला कि 03 व्यक्ति 01 मोटरसाइकिल के साथ घटना से लगभग 32 मिनट पहले के ठेले के पास रुके रहे और फरियादी के गुजरते ही मोटरसाइकिल से पूर्व दिशा में रवाना हुए। मोटरसाइकिल 100 से 160 सीसी श्रेणी की, लाल या मैरून टंकी तथा काले ढांचे वाली पाई गई। फुटेज में व्यक्तियों का आकार छवि की ऊंचाई का केवल 5 से 8 प्रतिशत था,इसलिए चेहरे एवं पंजीयन क्रमांक केवल फुटेज से स्थापित ना हो सके,पहचान अन्य साक्ष्य से की गई।

घटनास्थल रजेगांव से रायपुर तथा आगे उड़ीसा की सीमा, संबलपुर और महासमुंद तक कुल 24 स्थानों के कैमरों के फुटेज एकत्र कर आरोपियों के समय क्रम से मिलान किया गया।

घटनास्थल एवम् आरोपियों के संभावित मार्गो से संबंधित टेलिफोन जानकारी की जांच की गई।घटनास्थल के आसपास पाए गए मोबाइल नंबर की गतिविधियों का तकनीकी परीक्षण कर संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान एवम् उनकी तलाश की गई।

साइबर सेल की टीम द्वारा बड़ी संख्या में मोबाईल नंबरों की जांच एवम् संदिग्ध नंबरों की पहचान की गई।सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों से प्राप्त जानकारी के आधार पर संदिग्धों की तलाश की गई तथा आंध्रप्रदेश,उड़ीसा और छत्तीसगढ़ में तैनात पुलिस टीमों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई गई।जांच के दौरान एक संदिग्ध नंबर का संपर्क बालाघाट में पूर्व में किराए के मकान में रहने वाली एक महिला से मिला,जिसका संबंध बाद में गिरफ्तार आरोपी से पाया गया।
अंतर्राज्यीय समन्वय
उड़ीसा एवम् आंध्रप्रदेश पुलिस से सूचनाओं के आदान प्रदान से यह पुष्टि हुई कि चार राज्यों में सक्रिय एवम् संगठित अंतर्राज्यीय गिरोह इन घटनाओं में शामिल हैं।संयुक्त दबिश एवं घेराबंदी से मुख्य आरोपी हिरासत में लिए गए।
पहचान, गिरफ्तारी, मशरूका जप्ती फुटेज, मार्ग के कैमरों, टेलीफोन आंकड़ों एवम् मैदानी तलाश पतासाजी के आधार पर आरोपियों की पहचान रोशन ध्रुव,नरसिम्हा उर्फ पुतरो प्रधान तथा सचिन ध्रुव एवं उनके अन्य साथियों के रूप में हुई।पुलिस टीमों ने आरोपी रोशन ध्रुव को रायपुर (छत्तीसगढ़), नरसिम्हा उर्फ पुतरो को जिला जाजपुर (उड़ीसा), सचिन ध्रुव को जिला महासमुन्द(छत्तीसगढ़) से गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने दिनांक 5.8.2026 को रजेगांव तथा दिनांक 28.06.2026 को लांजी में लूट की वारदातों को अपने साथियों के साथ अंजाम देना स्वीकार किया तथा उड़ीसा और अन्य राज्यों में भी इसी प्रकार की वारदात करना स्वीकार किया।

रजेगांव की घटना में आरोपी रोशन ध्रुव एवं नरसिम्हा उर्फ पुतरो से सोने चांदी के आभूषण कीमती करीब 18 लाख रुपए तथा लांजी की घटना में आरोपी रोशन ध्रुव से करीब 4 लाख रुपए के आभूषण जप्त किए गए हैं।इस प्रकार दोनों प्रकरणों में कुल करीबन 22 लाख रुपए मूल्य का मशरूका जप्त हुआ है, जिसमें लगभग 70 ग्राम सोना और 2.8 किलोग्राम चांदी शामिल हैं।

Next Post

लाइवस्ट्रीम पर मारी जाएगी गोली, अमेरिका में 60 साल बाद दी जा रही है सजा, पीट हेगसेथ ने कहा जनता के लिए जरूरी

Fri Oct 9 , 2026
वॉशिंगटन, अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने निदाल हसन को फायरिंग स्क्वॉड से मौत की सजा देने और इसे लाइवस्ट्रीम करने की योजना बताई है। फैसले पर सवाल उठ सकते हैं। अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने कहा है इस साल के आखिर में 2009 में फोर्ट हूड में गोलीबारी […]

You May Like