आठ प्रमुख उद्योगों का उत्पादन जनवरी में चार प्रतिशत बढ़ा

नयी दिल्ली, 20 फरवरी (वार्ता) इस्पात और सीमेंट सेक्टरों में जोरदार तेजी से देश के आठ प्रमुख उद्योगों का उत्पादन जनवरी 2026 में साल-दर-साल आधार पर चार प्रतिशत बढ़ गया।

इससे पहले दिसंबर 2025 में इसकी वृद्धि दर 4.7 प्रतिशत और जनवरी 2025 में 5.1 प्रतिशत रही थी।

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने शुक्रवार को बताया कि जनवरी में सीमेंट सेक्टर की वृद्धि दर 10.7 प्रतिशत, इस्पात की 9.9 प्रतिशत और बिजली का 3.8 प्रतिशत बढ़ा। उर्वरक उत्पादन में 3.8 फीसदी और कोयला उत्पादन में 3.1 फीसदी की वृद्धि हुई। वहीं, कच्चे तेल का उत्पादन 5.8 प्रतिशत और प्राकृतिक गैस का पांच प्रतिशत घट गया। रिफाइनरी उत्पादों का उत्पादन स्थिर रहा।

चालू वित्त वर्ष के पहले 10 महीने में अप्रैल से जनवरी तक आठ प्रमुख उद्योगों की वृद्धि दर 2.8 प्रतिशत रही। पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में यह 4.5 प्रतिशत बढ़ा था। इस दौरान, इस्पात की वृद्धि दर 9.8 प्रतिशत और सीमेंट की 9.1 प्रतिशत रही। उर्वरक उद्योग में 1.9 प्रतिशत और बिजली उत्पादन में 0.8 प्रतिशत की वृद्धि हुई। रिफाइनरी उत्पादों में 0.1 प्रतिशत की मामूली वृद्धि दर्ज की गयी।

पहले 10 महीने में प्राकृतिक गैस के उत्पादन में 3.4 प्रतिशत और कच्चे तेल में 2.1 प्रतिशत की गिरावट रही। कोयला उत्पादन 0.3 प्रतिशत घट गया।

 

 

Next Post

आईएमएफ का दावा: पाकिस्तान के आर्थिक क्षेत्र में स्थिरता आई

Fri Feb 20 , 2026
इस्लामाबाद, 20 फरवरी (वार्ता) अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) ने कहा है कि विस्तारित कोष सुविधा (ईएफएफ) के तहत पाकिस्तान की ओर से किये गये नीतिगत उपायों ने देश की डगमगाती अर्थव्यवस्था के वित्तीय सुदृढ़ीकरण में योगदान दिया है जिससे निवेशकों का विश्वास बहाल हुआ है। आईएमएफ की संचार विभाग की […]

You May Like