उज्जैन: सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के बीच शहर भीषण जल संकट से जूझ रहा है. गंभीर डेम में कुछ दिनों का ही पानी शेष है, ऐसे में नर्मदा से जल आपूर्ति की पहल तेज हो गई है. भूखी माता मंदिर के पास उजड़खेड़ा चौराहे पर नगर निगम व पीएचई विभाग ने नर्मदा लाइन को गंभीर की लाइन से जोड़ने का कार्य शुरू किया है.गऊघाट स्थित फिल्टर प्लांट में नर्मदा का पानी लाकर शहर में सप्लाई किया जाएगा.
महापौर मुकेश टटवाल, एमआईसी सदस्य शिवेंद्र तिवारी और उपायुक्त योगेंद्र सिंह पटेल ने स्थल का निरीक्षण किया. नर्मदा लाइन की टेस्टिंग पूरी हो चुकी है और 800 एमएम पाइपलाइन से कनेक्शन कर 5-7 दिन में व्यवस्था शुरू होगी. कलेक्टर रोशन कुमार सिंह और निगमायुक्त अभिलाष मिश्रा ने भी स्थिति पर संज्ञान लेते हुए महापौर से चर्चा की. जिला प्रशासन और नगर निगम मिलकर नर्मदा-गंभीर को जोड़कर जल संकट का समाधान करने में जुट गए हैं.
