
भोपाल। बिलखिरिया थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार बस की चपेट में आ जाने से बाइक सवार युवक की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई. हादसे में बाइक पर बैठे बुजुर्ग व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए. घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है. हादसे बाद बस का चालक फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है.
जानकारी के मुताबिक 26 वर्षीय सुरेंद्र लोधी बेगमगंज जिला रायसेन का निवासी था. बुधवार को देर शाम जब अपने साथ काम करने वाले बुजुर्ग मो. इस्माइल (72) के साथ बाइक से सामान लेने के लिए बेगमगंज से भोपाल जा रहे थे. इस दौरान रायसेन रोड स्थित पुरानी कलारी के सामने से आ रही तेज रफ्तार की बस ने बाइक सवारों को अपनी चपेट में ले लिया. सुरेन्द्र की मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस ने शव का पीएम कराते हुए उनके परिजनों को सौंप दिया है. घायल बुजुर्ग का हमीदिया अस्पताल में इलाज जारी है.
