
जबलपुर। माध्यमिक शिक्षा मंडल की बोर्ड परीक्षा में गुरुवार को दसवीं कक्षा का संस्कृत विषय का पेपर हुआ। सहायक संचालक आर के बधान से मिली जानकारी के अनुसार यह परीक्षा जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में मिलाकर कुल 100 केंद्रों पर आयोजित हुई। जिसमें कुल 20678 विद्यार्थी परीक्षा में शमिल होने वाले थे, लेकिन दोनों ही क्षेत्रों में कुल 20261 विद्यार्थियों ने यह पेपर दिया, जबकि 417 विद्यार्थी पेपर में अनुपस्थित थे। इस परीक्षा में कोई भी नकल प्रकरण नहीं बना है। उल्लेखनीय है कि बोर्ड परीक्षा को लेकर कलेक्टर राघवेंद्र सिंह द्वारा अनुभाग स्तर, जिला स्तर तथा विकासखण्ड स्तर पर निरीक्षण दलों (फ्लाइंग स्क्वाड) का गठन किया है। वहीं, जिले में स्थित सभी परीक्षा केंद्रों के आकस्मिक निरीक्षण के लिये जिला शिक्षा अधिकारी के नेतृत्व में जिला स्तरीय निरीक्षण दल का गठन किया है। परीक्षा वाले दिन टीम ने सभी केंद्रों में पहुंचकर आकस्मिक रूप से निरीक्षण किया और संदिग्ध पाए जाने वाले लोगों की जांच भी की। लेकिन कोई भी नकल प्रकरण सामने नहीं आया।
केवल 8 बच्चों ने दी मनोविज्ञान की परीक्षा
गुरुवार को कक्षा दसवीं में संस्कृत विषय के अलावा कक्षा बारहवीं में मनोविज्ञान विषय लेने वाले विद्यार्थियों का भी पेपर था। सहायक संचालक आर के बधान से मिली जानकारी के अनुसार इस पेपर में केवल 8 विद्यार्थी ही शामिल होने वाले थे और सभी ने यह पेपर दिया। यह परीक्षा केवल एक केंद्र में आयोजित हुई।
